48 घंटे में सनसनीखेज हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
गणेश विसर्जन के बाद लापता हुआ था गोवर्धन कोल, जंगल की झाड़ियों में मिला शव; हत्या में इस्तेमाल वाहन और अन्य सामान जब्त
जैतहरी। जैतहरी थाना पुलिस ने सिवनी डोंगरी टोला निवासी 22 वर्षीय गोवर्धन कोल की हत्या के मामले का 48 घंटे में खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार किया है। मामले में हत्या, साक्ष्य छिपाने तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर की रात गणेश विसर्जन के लिए घर से निकला गोवर्धन कोल वापस नहीं लौटा। रात करीब 10 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि गोवर्धन के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की जा रही है। इसके बाद परिजनों और साथियों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
अगली सुबह तलाश के दौरान मंडल के बगीचा क्षेत्र में गोवर्धन की मोटरसाइकिल का टूटा हुआ क्लच केबल और उसकी दोनों चप्पलें मिलीं। मोटरसाइकिल भी चप्पलों से करीब एक किलोमीटर दूर मिली। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने बदनहाई डोंगरी, सिवनी के जंगल में झाड़ियों के बीच गोवर्धन का शव बरामद किया।
जांच में हत्या की पुष्टि
शव और घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया हत्या का मामला सामने आया। पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल की जांच कराई। मौके की वीडियोग्राफी कराई गई और नक्शा तैयार किया गया। मृतक के कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए गए। शव का पोस्टमार्टम जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले दर्ज गुमशुदगी/अपहरण संबंधी अपराध में हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराएं बढ़ाईं। मृतक के अनुसूचित जनजाति वर्ग से होने के कारण एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान सूरज राठौर, राहुल सिंह राठौर, तेजराज राठौर, दिनेश गोड और राहुल राठौर, सभी निवासी सिवनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार, घटना के समय पहने गए कपड़े, मोटरसाइकिल, ईको कार तथा मृतक का पर्स बरामद किया गया। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया है।
पूरे घटनाक्रम की जांच जारी
पुलिस अब हत्या के पीछे की परिस्थितियों, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए भौतिक साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।
इनकी रही भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में प्रवीण साहू, अमरलाल यादव, सुरेश अहिरवार, जेपीएच तिर्की, मणिराज सिंह, सुरेश कुमार कोरी, जयसिंह, श्रीश्याम शुक्ला, राजकुमार मार्को, मनोज सिंह, विजयनंद पाण्डेय, संतोषी धुर्वे, मनीष सिंह तोमर, नरेन्द्र जाट, विजय टाटू और सोनू पर्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है।



































































