2.63 लाख रुपये के वसूली वारंट में फरार आरोपी गिरफ्तार, बिजुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अनूपपुर/कोतमा।
जिले में अपराध नियंत्रण और महिला संबंधी प्रकरणों में फरार वसूली वारंटियों की तामीली के तहत बिजुरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत 2 लाख 63 हजार 500 रुपये के वसूली गिरफ्तारी वारंट में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोतमा के प्रकरण क्रमांक MJCR/02/2025, धारा 125(3) हिन्दू गोद एवं रखरखाव अधिनियम 1956 के तहत जारी वसूली गिरफ्तारी वारंट के आधार पर आरोपी बेसाहू चौधरी पिता अचनदास चौधरी निवासी बहेराबांध थाना बिजुरी को बुढानपर थाना कोतमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी कोतमा के निर्देशन में की गई। अभियान के तहत पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए फरार वारंटी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बिजुरी विकास सिंह की अहम भूमिका रही। साथ ही प्रदीप अग्निहोत्री, लक्ष्मण डांगी और मनोज उपाध्याय ने भी टीम के रूप में सक्रिय योगदान दिया।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














































