24 घंटे में चोरी का खुलासा: आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार का सामान बरामद
अनूपपुर। चौकी देवहरा थाना चचाई पुलिस ने चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदीनुमा जालीदार दरवाजे, उनके पार्ट्स, टूटा हुआ ताला और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार संजय नगर निवासी कृष्ण प्रसाद ओझा ने चौकी देवहरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 अगस्त की रात करीब 11 बजे से 20 अगस्त की सुबह 7 बजे के बीच संजय नगर कॉलोनी के आवास क्रमांक 27/4, 95/4, एम-44/2 तथा एम-25/1 में लगे कुल पांच जालीदार दरवाजे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। चोरी गए दरवाजों की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई।
रिपोर्ट पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेही निलेश बरेठा, उम्र 36 वर्ष, निवासी संजय नगर देवहरा की तलाश कर उसे दस्तयाब किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी के एसीसीएल क्वार्टर क्रमांक 36/3 से दो जालीदार दरवाजे, तीन दरवाजों के खुले हुए पार्ट्स, टूटा हुआ ताला तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी निलेश बरेठा को 24 घंटे के भीतर न्यायालय अनूपपुर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी रंगनाथ मिश्र के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में धर्मेंद्र महोबिया, राजाराम दाहिया और सचिन गौड की भूमिका रही।











































