---Advertisement---

नेत्रदान के संकल्प से रोशन होगी किसी की दुनिया

25 अगस्त से शुरू होगा जागरूकता अभियान

मनेन्द्रगढ़। किसी की आंखों में रोशनी लौटाने के संकल्प के साथ जिले में 25 अगस्त से 8 सितंबर तक 41वां नेत्रदान पखवाड़ा मनाया जायेगा। राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग लोगों को नेत्रदान की उपयोगिता, प्रक्रिया और इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक करेगा

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के निर्देशन और खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले पखवाड़े के दौरान जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जायेगी। खास तौर पर स्कूलों में विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण करने के साथ उन्हें नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी जायेगी

अभियान के दौरान निबंध, चित्रकला और वाद विवाद प्रतियोगिता, जागरूकता रैली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इसके माध्यम से बच्चों और आम नागरिकों को नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और समाज में इसके महत्व का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मृत्यु के बाद नेत्रदान किया जाता है और इसमें आंख के आगे के पारदर्शी हिस्से कॉर्निया का उपयोग होता है। कॉर्निया की समस्या के कारण दृष्टिबाधित जरूरतमंद मरीजों में दान किये गये कॉर्निया का प्रत्यारोपण कर दृष्टि लौटाने में मदद मिल सकती है

नेत्रदान के इच्छुक व्यक्ति पखवाड़े के दौरान घोषणा पत्र भर सकते हैं। मृत्यु के बाद परिजन संबंधित चिकित्सालय को इसकी सूचना दे सकते हैं जिसके बाद नेत्र विशेषज्ञ आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हैं। विभाग के अनुसार मृत्यु के छह घंटे के भीतर कॉर्निया निकालने की प्रक्रिया पूरी किया जाना आवश्यक होता है। चश्मा लगाने वाला व्यक्ति भी नेत्रदान कर सकता है। हालांकि कुछ गंभीर संक्रामक बीमारियों की स्थिति में नेत्रदान स्वीकार नहीं किया जाता

इसलिये नेत्रदान की पात्रता और अन्य चिकित्सकीय जानकारी के लिये संबंधित स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने समाजसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और समाज प्रमुखों से भी अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है। अधिकारियों का कहना है कि जनसहभागिता से नेत्रदान को लेकर मौजूद भ्रांतियों को दूर करने के साथ अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय पहल से जोड़ा जा सकता है

इस संबंध में जानकारी नोडल अधिकारी (अंधत्व) डॉ. अमित मिर्रे और नेत्र विशेषज्ञ डॉ. भाषिता साहू ने दी। नेत्रदान से संबंधित विस्तृत जानकारी जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से प्राप्त की जा सकती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment