जनप्रतिनिधियों से पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का कराया जाए विधिवत लोकार्पण- कलेक्टर
विद्यालयों के खेल मैदान को और अधिक बनाया जाए सुव्यवस्थित- कलेक्टर
जिले के सभी मजरो टोला बिजली की उपलब्धता किया जाए सुनिश्चित- कलेक्टर
कलेक्टर श्री झा ने निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
अनूपपुर 06 अगस्त 2026/कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में संचालित अधोसंरचनात्मक निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपादित किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे कार्यों में अपेक्षित गति बनी रहे और उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके। कलेक्टर श्री झा ने अधिकारियों से कहा कि जिन निर्माण कार्यों को पूर्ण किया जा चुका है उनका जनप्रतिनिधियों के माध्यम से विधिवत लोकार्पण कराया जाना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को उन विकास कार्यों का लाभ शीघ्र एवं प्रभावी रूप से प्राप्त हो सके। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालयों में संचालित निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा वर्षा ऋतु के दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि विद्यालय परिसरों में संचालित निर्माण कार्यों के कारण विद्यार्थियों के अध्ययन-अध्यापन एवं खेल गतिविधियां किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर श्री झा ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान खेल मैदानों की मिट्टी का अपरदन एवं कटाव होने से मैदान असमतल हो जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों को खेलकूद गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे दृष्टिगत रखते हुए सभी विद्यालयों के खेल मैदानों को समतल एवं व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने शासकीय निर्माण कार्यों में फ्लाई ऐश ईंटों के उपयोग की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि फ्लाई ऐश ईंटों का निर्माण स्थानीय स्तर पर कराया जाए तथा शासकीय भवन निर्माण कार्यों में उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि इस कार्य से महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़ा जाए, जिससे उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें तथा स्थानीय स्तर पर आजीविका के साधनों को बढ़ावा मिले।
बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री झा ने अधिकारियों को जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के ऐसे सभी मजरा-टोलों का सर्वे कर सूची तैयार की जाए, जहां अभी तक विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं है, तथा उन्हें प्राथमिकता के आधार पर विद्युत सुविधा से आच्छादित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर पर निवासरत प्रत्येक व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि जिले के सभी पात्र मजरा-टोलों को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से जोड़ा जाए तथा अभियान के अंतर्गत विद्युतीकरण सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि जनजातीय क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं सुलभ हो सकें।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले के प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय, चेतावनी संकेतक एवं अन्य व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर की जाएं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। कलेक्टर ने वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या वाले प्रमुख मार्गों एवं स्थानों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां-जहां पानी का जमाव होता है, वहां नालों एवं नालियों की नियमित साफ-सफाई तथा समुचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव के कारण आवागमन बाधित न हो तथा दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। इस दौरान कलेक्टर ने अमरकंटक मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रमुख मार्गों को सुरक्षित, सुगम एवं आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए आवश्यक मरम्मत एवं संधारण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं, जिससे वर्षा ऋतु में नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग सहित अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
















