उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी आवश्यक- जिला पंचायत सीईओ

---Advertisement---

 

सेक्टर स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने दिए निर्देश

अनूपपुर 01 जुलाई 2026। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा में सेक्टर स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन एवं नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं की जांच संबंधी जानकारी समय पर अनमोल पोर्टल पर दर्ज की जाए तथा विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) की सभी आवश्यक जांच एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए सक्रियता, समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ ने सभी गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को शून्य करने के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी एवं प्रतिबद्ध प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि जच्चा एवं बच्चा दोनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी, सीबीएमओ अनूपपुर डॉ. डी.आर. सिंह, मेडिकल ऑफिसर डॉ. नैंसी पांडे एवं डॉ. विकास पांडे, बीपीएम सुश्री नेहा मिश्रा, बीईई श्री आर.डी. बुनकर तथा जिला पंचायत से श्री राज अश्वनी शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं आशा सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment