‘विकसित धार’ के संकल्प के साथ नवसंवत्सर का आगाज, विक्रमोत्सव में सूर्य उपासना व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित..
..
ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार में नवसंवत्सर और विक्रम संवत् 2083 के शुभारंभ पर ‘विकसित धार’ के संकल्प के साथ भव्य आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार महाराजा भोज पी.जी. कॉलेज सभागृह में विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत सूर्य उपासना कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ
कार्यक्रम में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और धार विधायक नीना वर्मा की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर नवसंवत्सर का उत्सव मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरानुसार ब्रह्मध्वज स्थापना के साथ हुई, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया
इस अवसर पर “सम्राट विक्रमादित्य” विषय पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराया। कलाकारों की प्रस्तुति को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिलेवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह वर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने धार जिले की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोगों ने संयम, धैर्य और दूरदर्शिता का परिचय दिया है। साथ ही उन्होंने शांति और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिले को विकसित बनाने में युवाओं, माताओं और बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
वहीं विधायक नीना वर्मा ने नववर्ष, गुड़ी पड़वा और चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व शक्ति और नई ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित मध्यप्रदेश’ के साथ ‘विकसित धार’ का संकल्प भी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि सभी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें, जिससे धार जिले को और अधिक समृद्ध बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों द्वारा कलाकारों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, महिलाएं और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
नवसंवत्सर का यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक बना, बल्कि ‘विकसित धार’ के संकल्प को भी नई दिशा देने वाला साबित हुआ।







