अनूपपुर, 27 मार्च।
अनूपपुर नगर में सोन नदी पर स्थित पुल के नीचे कलेक्टर निवास के समीप सोननदी के बीच खंडित अवस्था में भगवान बुद्ध की एक प्राचीन प्रतिमा मिलने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। प्रतिमा दो भागों में टूटी हुई स्थिति में पाई गई है, जिसे पुरातात्विक महत्व की होने की संभावना जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत जैतहरी के पंचायत सचिव अरुण द्विवेदी ने इस संबंध में जिला पुरातत्व एवं पर्यटन समिति अनूपपुर के सदस्य शशिधर अग्रवाल को सूचना दी। सूचना मिलते ही शशिधर अग्रवाल ने पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के प्रभारी उमेश पांडेय के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद बरबसपुर निवासी श्रीकांत पांडेय, मनोहर लाल एवं अन्य स्थानीय लोगों के सहयोग से खंडित प्रतिमा को सोन नदी से निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया।
जानकारों के अनुसार यह प्रतिमा अनूपपुर नगर के समीप ग्राम पंचायत परसवार के करहीवाह गांव के किनारे स्थित बाबामढ़ी नामक स्थल से संबंधित हो सकती है। यह स्थल कर्चुली कालीन प्राचीन मंदिर के अवशेषों के लिए जाना जाता है और यहां पूर्व में भी पुरातात्विक महत्व के अवशेष मिलने की जानकारी सामने आती रही है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा इस प्राचीन प्रतिमा को उक्त स्थल से लाकर सोन नदी के बीच रख दिया गया होगा। हालांकि प्रतिमा को वहां रखने के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुरातत्व विभाग से इस प्रतिमा की विधिवत जांच कराए जाने तथा इसे सुरक्षित संरक्षित किए जाने की मांग की है। यदि यह प्रतिमा प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व की सिद्ध होती है तो यह क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक धरोहर साबित हो सकती है।









