शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा महंगा
पुलिस की सख्ती और न्यायालय ने लगाया 15,500 रुपये का जुर्माना
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह की सख्त चेतावनी, यातायात नियमों का करें पालन
एमसीबी/नागपुर। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश पर जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों में यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में पुलिस चौकी नागपुर प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक शेषनारायण सिंह द्वारा लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक वाहन चालक को संदिग्ध अवस्था में रोका। जांच में पाया गया कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। इसके साथ ही वह बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहा था और तीन सवारी बैठाकर यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी वाहन चालक प्रिंस लकड़ा पिता वीरन लकड़ा निवासी महाराजपुर के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना), 3/181 (बिना लाइसेंस वाहन चलाना) एवं 128/177 (अधिक सवारी) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायालय ने आरोपी के कृत्य को गंभीर मानते हुए उस पर 15,500 रुपये का आर्थिक दंड लगाया। इस कार्यवाही से क्षेत्र में वाहन चालकों के बीच सख्त संदेश गया है कि नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है।
सख्ती के साथ जागरूकता भी
पुलिस द्वारा केवल कार्यवाही ही नहीं बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिये भी लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन ना चलाने और वैध दस्तावेज रखने के लिये आमजन को प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह की अपील
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने अपील करते हुए कहा की यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। छोटी-सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जाएंगे।







