कार्यक्रम में लोक गायन, रामलीला तथा भक्ति गायन की हुई रंगारंग प्रस्तुति
अनूपपुर 28 मार्च 2026- मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि अनूपपुर जिले के ग्राम सीतामढ़ी में त्रेता युग के दौरान भगवान श्री राम ने वनवास काल में यहां भगवान शंकर की स्थापना कर पूजा-अर्चना की थी। उन्होंने कहा कि यहां भगवान श्री राम के पदचिह्न प्राप्त होना अत्यंत गौरव एवं सौभाग्य का विषय है, जिसकी पुष्टि भारत सरकार के पुरातत्व विभाग द्वारा भी की गई है। राज्य मंत्री ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में जिन-जिन स्थानों पर भगवान श्री राम के पदचिह्न प्राप्त हुए हैं, वहां “रामपथ गमन” का निर्माण कराया जा रहा है, यह मध्य प्रदेश के लिए बहुत ही हर्ष का विषय है। राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल रामनवमी के पावन अवसर पर अनूपपुर जिले के सीतामढ़ी में आयोजित प्राकट्य पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा सीतामढ़ी में सत्संग हॉल, साधु-संतों के ठहरने हेतु कक्ष, बाउंड्री वॉल तथा पेयजल व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही, पूरे परिसर को अधिक आकर्षक एवं सुन्दर बनाने के लिए भी आवश्यक कार्य किए जाएंगे। उन्होंने भगवान श्री राम तथा ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश से संबंधित धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।
प्राकट्य पर्व के अवसर पर आयोजित रागरंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया। सीधी के अजय कुमार एवं उनके साथियों ने बघेली लोक गायन की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं अरविंद कुमार पटेल एवं दल द्वारा प्रस्तुत रामलीला ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को सजीव कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वाराणसी से आए सुजीत तिवारी एवं साथियों ने भक्ति गीतों की मधुर धारा बहाकर कार्यक्रम को चरम पर पहुंचाया। सभी कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसकी लोगों ने जमकर सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री रिंकू मिश्रा, अनुविभागीय दंडाधिकारी अधिकारी कोतमा श्री सतीश वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोतमा श्रीमती ममता मिश्रा, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद श्री उमेश पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं ग्रामीण उपस्थित थे।















