साइबर बंद होने से गैस सिलेंडर वितरण प्रभावित, उपभोक्ता परेशान
अनूपपुर। जिले में इन दिनों रसोई गैस उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि इंडियन गैस, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) सहित अन्य गैस कंपनियों का ऑनलाइन साइबर सिस्टम पिछले तीन-चार दिनों से बंद है, जिसके कारण गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं हो पा रही है।
हालांकि गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर का स्टॉक मौजूद है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग बंद होने के कारण उपभोक्ताओं तक सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। यदि किसी तरह बुकिंग हो भी जाती है तो उपभोक्ताओं को लगभग 20 से 25 दिनों तक सिलेंडर का इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि भालूमाड़ा, कोतमा, बदरा और अनूपपुर सहित जिले के कई क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग लाइन लगाकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। कई परिवारों के घरों में खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर नहीं है, जिससे आम नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से यह कहा जा रहा है कि एजेंसियों में सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन तकनीकी कारणों से बुकिंग न होने की वजह से वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर गैस कंपनियों का साइबर सिस्टम कब तक चालू होगा और आम नागरिकों को इस समस्या से कब राहत मिलेगी। जिले के उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से इस मामले में संज्ञान लेकर जल्द समाधान कराने की मांग की है, ताकि लोगों को गैस एजेंसियों के बाहर घंटों लाइन में खड़ा न रहना पड़े।










