अनूपपुर, 23 फरवरी 2026।
बिजुरी पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस अधीक्षक मोती उर्र रहमान के निर्देश पर नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी आरती शाक्य के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
प्रकरण के अनुसार 20 जनवरी 2026 को फरियादिया ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री 19 जनवरी की सुबह लगभग 7:30 बजे गाय ढीलने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। आसपास व रिश्तेदारी में तलाश के बाद भी कोई पता नहीं चला। रिपोर्ट पर धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। लगातार प्रयास, सुरागरसी, मुखबिर सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर 23 फरवरी 2026 को नाबालिग बालिका को पुणे (महाराष्ट्र) से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बालिका की सुरक्षित वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है और परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह की अगुवाई में विपिन बिहारी राय, सुनील यादव, आनन्द, संगम तोमर तथा साइबर सेल के पंकज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

