अनूपपुर 6 अप्रैल 2026/ प्रदेशव्यापी ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत नगर पालिका परिषद बिजुरी द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में स्थित प्राचीन तालाबों एवं जल संरचनाओं के संरक्षण हेतु विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान संचालित किया गया। यह अभियान कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन में मानसून पूर्व जल स्त्रोतों के पुनर्जीवन और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान वार्ड क्रमांक 07, 09, 10 एवं 15 में स्थित प्रमुख तालाबों पर नगर पालिका अमले एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से व्यापक साफ-सफाई की गई। वार्ड नं. 09 स्थित सूर्य मंदिर तालाब में घाटों की सफाई के साथ जलकुंभी एवं कचरे को हटाया गया। वार्ड नं. 15 के भावनिया देवी तालाब परिसर में झाड़ियों की कटाई-छंटाई कर विसर्जित सामग्री हटाई गई। इसी प्रकार वार्ड नं. 10 के देवी मंदिर तालाब में किनारों की सफाई का कार्य किया गया, जबकि वार्ड नं. 07 स्थित भालूगुडार तालाब के आसपास फैले प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट को एकत्रित कर स्वच्छता वाहनों के माध्यम से निष्पादित किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे जल स्त्रोतों में कचरा, प्लास्टिक एवं पूजन सामग्री का विसर्जन न करें तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहें। ताकि वर्षा ऋतु के आगमन से पूर्व नगर के सभी पारंपरिक जल स्त्रोतों को पूर्णतः स्वच्छ कर संरक्षित किया जाए, जिससे भू-जल स्तर में सुधार सुनिश्चित हो सके।










