अनूपपुर।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत विकासखंड अनूपपुर के सेक्टर क्रमांक 04 स्थित ग्राम पंचायत चुकान में मंगलवार को सामूहिक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत नवांकुर संस्था नगर विकास प्रस्फुटन समिति पसान तथा प्रस्फुटन समिति चुकान, बरतराई, भलवाही और पडरीटोला के सदस्यों सहित ग्रामीणों ने मिलकर तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और स्वयंसेवकों ने तालाब के आसपास उगी झाड़ियां और कचरा साफ कर जलाशय को स्वच्छ बनाया। झाड़ियों के कारण तालाब तक आने-जाने में ग्रामीणों को काफी परेशानी होती थी, जिसे श्रमदान के माध्यम से दूर किया गया। अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता और जल के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि “जल है तो कल है” के संदेश को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक को नदी, तालाब, झील, कुएं और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, ताकि भविष्य में जल संकट का सामना न करना पड़े।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में 19 मार्च से 27 मार्च तक चल रहे “जल शक्ति से नव भक्ति” कार्यक्रम के प्रथम चरण में विभिन्न जल स्रोतों की साफ-सफाई और जल संरक्षण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। यह अभियान आगामी 30 जून 2026 तक निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत चुकान की सरपंच श्रीमती उर्मिला सिंह, सचिव रामप्रमोद, नवांकुर संस्था पसान के प्रतिनिधि, परामर्शदाता शिवानी सिंह, कृष्णा देवी, प्रस्फुटन सचिव बेसाहन प्रजापति, देववती, रामवती, सुनीता सहित प्रस्फुटन समिति चुकान, बरतराई, भलवाही और पडरीटोला के सदस्य, सीएमसीएलडीपी छात्र तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
ग्रामीणों ने जल संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने के लिए आगे भी इसी तरह सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।


















