बिना अनुमति के नए भवन निर्माण कार्य पर संबंधित के विरुद्ध होगी अनुशासनात्मक कार्यवाही- कलेक्टर
एसडीएम एवं तहसीलदार नए निर्माण कार्यों की नियमित करें मॉनिटरिंग- कलेक्टर
कलेक्टर ने समयावधि पत्रों के समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
अनूपपुर, 7 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिले में विगत दिनों भवन निर्माण से संबंधित घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य बिल्डिंग डेवलपमेंट रूल्स के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार ही किए जाएं। कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि यदि कहीं भी बिना अनुमति के नया भवन निर्माण पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदार नए निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारियों एवं उपयंत्रियों को भी शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री पंचोली सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे।
बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने निर्देश दिए कि जिले में विशेष अभियान चलाकर आगामी 7 दिवस के भीतर सभी भूमि स्वामियों से बिल्डिंग डेवलपमेंट रूल्स के आवश्यक प्रावधानों के पालन संबंधी प्रमाणपत्र प्राप्त किए जाएं। साथ ही ऐसे निर्माण कार्यों का तत्काल चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए, जिनमें सुरक्षा मानकों एवं नियमों की अनदेखी की गई है। उन्होंने सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी जर्जर एवं असुरक्षित भवनों को चिन्हित कर शीघ्र ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय रहते ऐसी संरचनाओं को हटाना आवश्यक है, ताकि जन-धन की हानि रोकी जा सके।
कलेक्टर ने जनगणना 2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए इसे अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताया। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि सभी चार्ज अधिकारी अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में उपस्थित रहें तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता उच्च स्तर की हो। मैदानी स्तर पर शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण डेटा संग्रहण सुनिश्चित करने हेतु प्रशिक्षण के दौरान सभी शंकाओं का समाधान तत्काल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए पूर्व से ही सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने तथा गणनाकर्मियों एवं पर्यवेक्षकों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना एवं किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के 17,262 वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इनमें अनूपपुर में 4,047, जैतहरी में 4,445, कोतमा में 3,985 तथा पुष्पराजगढ़ में 4,785 कार्ड शामिल हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र वृद्धजन इस योजना से वंचित न रहे तथा अभियान चलाकर शत-प्रतिशत कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही एचपीवी टीकाकरण के तहत अब तक 2,827 किशोरियों को टीका लगाए जाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के समन्वय से आगामी 20 दिनों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने रबी उपार्जन की तैयारियों एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा निर्देशित किया कि 15 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले उपार्जन कार्य हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय-पूर्व पूर्ण की जाएं। उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधाएं, भंडारण व्यवस्था तथा बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपार्जन कार्य से जुड़े अमले को समयबद्ध प्रशिक्षण प्रदान करने पर बल दिया गया। घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी नायब तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसका त्वरित निराकरण किया जा सके।
कलेक्टर श्री पंचोली ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को पेपरलेस एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी विभागों को मानव संपदा (ई-एचआरएमएस) पोर्टल पर शासकीय सेवकों के सेवा अभिलेखों का शत-प्रतिशत अपडेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी डिजिटल सर्विस बुक, पदस्थापना, स्थानांतरण, पदोन्नति एवं अवकाश संबंधी विवरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन दर्ज करें। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक मैन्युअल प्रणाली को समाप्त कर पूर्णतः डिजिटल व्यवस्था स्थापित करना है। साथ ही मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत iGOT पोर्टल पर ‘साधना सप्ताह’ के दौरान अधिकारियों को निर्धारित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे कार्यप्रणाली में दक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।










