जिला कांग्रेस कमेटी ने की प्रेसवार्ता प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार पर उठाये सवाल अफीम खेती में भाजपा नेताओं के नाम आने पर कांग्रेस का हमला

---Advertisement---

 

 

मनेन्द्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार, अवैध अफीम की खेती और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाये गये। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में नशीले पदार्थों का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है और सरकार इस पर प्रभावी नियंत्रण करने में असफल साबित हो रही है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एमसीबी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में नशीली दवाइयों, प्रतिबंधित गोलियों और अन्य मादक पदार्थों का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ महीनों में नारकोटिक्स से जुड़े हजारों मामले सामने आये हैं लेकिन इसके बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से ठोस कार्यवाही नहीं हो रही है। इससे साफ संकेत मिलता है कि नशे का कारोबार कहीं ना कहीं सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा है।

भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने दुर्ग जिले के समोदा गांव में फार्म हाउस के अंदर लगभग 10 एकड़ में अफीम की अवैध खेती का खुलासा होने को बेहद गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश नशे के कारोबार का केंद्र बनता जा रहा है और इसकी नैतिक जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिये।

एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रही है। शराब, गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों का नेटवर्क अब शहरों से निकलकर गांव-गांव तक पहुंच चुका है जो समाज और युवाओं के भविष्य के लिये बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर सख्त और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि जिस भाजपा नेता के यहां अफीम की खेती का मामला सामने आया है। वह पहले भाजपा किसान मोर्चा के दुर्ग जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि उक्त नेता की तस्वीरें प्रदेश के कई बड़े भाजपा नेताओं के साथ सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस भाजपा नेता की तस्वीर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ भी सामने आई है।

उल्लेखनीय है कि श्यामबिहारी जायसवाल पूर्व में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मिश्रा ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस अवैध कारोबार में किन-किन लोगों की भूमिका है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ (ग्रामीण) अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिये सरकार को सख्त अभियान चलाना चाहिये लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। जिला कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन ने कहा कि बिना सत्ता के संरक्षण के प्रदेश में इतने बड़े स्तर पर नशे का कारोबार संभव नहीं है। कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग करती है वहीं आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करने के लिये बाध्य होगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

March 27, 2026

March 27, 2026

March 27, 2026

March 27, 2026

March 27, 2026

March 27, 2026

Leave a Comment