अमरकंटक। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू) के संस्थापक कुलपति प्रो. चंद्र देव (सी. डी.) सिंह के निधन पर विश्वविद्यालय परिवार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके सम्मान में आयोजित शोक सभा में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उनकी सेवाओं को याद किया।
प्रो. सी.डी. सिंह ने जुलाई 2008 से जुलाई 2013 तक कुलपति रहते हुए विश्वविद्यालय की स्थापना, बुनियादी ढांचे के विकास और शैक्षणिक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अमरकंटक जैसे दूरस्थ क्षेत्र में स्थित इस केंद्रीय विश्वविद्यालय को मजबूत आधार प्रदान किया। उनके नेतृत्व में परिसर का विकास, शैक्षणिक विभागों की स्थापना और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया।
प्रो. सिंह ने विशेष रूप से जनजातीय समाज के युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने और शोध व नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की। वे एक कुशल प्रशासक, प्रेरणादायी शिक्षक और संवेदनशील मार्गदर्शक के रूप में जाने जाते थे।
शोक सभा में प्रभारी कुलपति प्रो. ब्योमकेश त्रिपाठी, कुलसचिव प्रो. मूर्ति, डॉ. तरुण ठाकुर, प्रो. शैलेंद्र सिंह भदौरिया, प्रो. अजय वाघ, प्रो. नवीन शर्मा, प्रो. गौरी शंकर महापात्रा, डॉ. संजीव सिंह, शिव रतन और नरेंद्र सिंह सहित कई शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रो. सी.डी. सिंह के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।






