डोकरी ढोंड़ा नाला से अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वेंकटनगर चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन करते एक आरोपी को ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम तथा एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 को चौकी वेंकटनगर पुलिस को भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कपरिया स्थित डोकरी ढोंड़ा नाला से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बिना रजिस्ट्रेशन नंबर का आईसर कंपनी का ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से भरा मिला। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम कोमल सिंह गोंड (28) निवासी ग्राम पंगना, हाल निवासी ग्राम कपरिया बताया तथा रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करना स्वीकार किया। मौके पर वह किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच के दौरान ट्रॉली में लगभग एक घन मीटर रेत भरी मिली, जबकि आसपास अतिरिक्त रेत भी पाई गई। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली और अवैध रेत को जब्त कर लिया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 1 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 305(ई), 317(5) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी वेंकटनगर उप निरीक्षक सुरेश कुमार अहिरवार के नेतृत्व में बलराम सिंह पैकरा, सुजीत सिंह, सोनू पर्ते और विजय टाटू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन के विरुद्ध लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।








