भालूमाड़ा पुलिस की कार्रवाई: अवैध कोयला ले जा रहा ऑटो पकड़ा, 1.60 लाख का मशरूका जब्त
भालूमाड़ा।
थाना भालूमाड़ा पुलिस ने अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमुना कॉलरी क्षेत्र में दबिश देकर एक ऑटो से चोरी का कोयला जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 1 लाख 60 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जमुना कॉलरी स्थित केंद्रीय विद्यालय के सामने से अवैध रूप से कोयला परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर भालूमाड़ा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दशरथ सिंह बागरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार रात करीब 10:14 बजे मौके पर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान एक ऑटो क्रमांक MP 65 ZB 4543 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें लगभग 7 क्विंटल अवैध कोयला लोड मिला।
पुलिस ने ऑटो चालक दीपक दास चौधरी (35 वर्ष) निवासी ग्राम परासी, थाना भालूमाड़ा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 10 हजार रुपए कीमत का 7 क्विंटल कोयला तथा लगभग 1.50 लाख रुपए कीमत का ऑटो जब्त किया गया। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपए आंकी गई है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस एवं 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में कृपाल सिंह, शुभम तिवारी, देवेंद्र सिंह, अभिषेक राजपूत और चक्रधर तिवारी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















