भालूमाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त, दो चालक गिरफ्तार
भालूमाड़ा (अनूपपुर)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भालूमाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अवैध रेत जब्त कर दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 मार्च की रात छिडमिडी-भाद मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर के नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर को रोककर जांच की गई, जिसकी ट्रॉली में करीब 3 घन मीटर अवैध रेत लोड पाई गई। वाहन चालक रामपाल चंद्रा (26 वर्ष) निवासी लोहारी थाना मरवाही जिला जीपीएम (छत्तीसगढ़) बिना टीपी के सोन नदी के शिव घाट बरौर से रेत ले जाकर ग्राम भाद ले जा रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रेत जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
इसी तरह एक अन्य सोनालिका ट्रैक्टर क्रमांक CG 31 B 7537 को भी रोका गया, जिसकी ट्रॉली में 3 घन मीटर अवैध रेत लोड मिली। वाहन चालक भुवनेश्वर सिंह पाव (26 वर्ष) निवासी लोहारी थाना मरवाही जिला जीपीएम (छत्तीसगढ़) को बिना अनुमति रेत परिवहन करते पकड़ा गया। पुलिस ने वाहन और रेत जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दोनों मामलों में कुल 6 घन मीटर रेत तथा दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए हैं। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं खान एवं खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही वाहन मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भालूमाड़ा उप निरीक्षक विपुल शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। कार्रवाई में कृपाल सिंह, विवेक त्रिपाठी, देवेंद्र सिंह एवं अभिषेक राजपूत ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया।










