- 50 सदस्यीय टीम ने कोदो प्रोसेसिंग, बेकरी एवं एग्रो प्रोसेसिंग इकाइयों की कार्यप्रणाली को जाना
अनूपपुर 6 नवम्बर 2026/ इंटर स्टेट शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत उड़ीसा के जाजपुर जिले की राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एसआरएलएम) की 50 सदस्यीय टीम ने अनूपपुर जिले में संचालित आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान टीम ने पुष्पराजगढ़ विकासखंड में स्व सहायता समूहों एवं उनके परिसंघों द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान टीम ने कोदो प्रोसेसिंग इकाई, बेकरी इकाई तथा आजीविका उन्नत एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर का अवलोकन किया। इस दौरान टीम ने कोदो प्रोसेसिंग, बेकरी उत्पादों के निर्माण, तुअर एवं चना दाल की प्रोसेसिंग, मसाला निर्माण तथा पैकेजिंग की प्रक्रिया को समझा। साथ ही स्व सहायता समूहों द्वारा संचालित इन इकाइयों के माध्यम से आजीविका संवर्धन एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान टीम मॉडल सीएलएफ जीवनदायिनी की बैठक में भी शामिल हुई। बैठक में सीएलएफ के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यप्रणाली एवं आय-व्यय की जानकारी साझा की गई। सीएलएफ की दीदियों ने अपने कार्यों, अनुभवों एवं आजीविका गतिविधियों के संचालन से जुड़ी जानकारी टीम के साथ साझा की।
इस अवसर पर जिला प्रबंधक श्री दशरथ झारिया, ब्लॉक प्रबंधक श्री सुरेश कारपेंटर, सहायक ब्लॉक प्रबंधक श्री शैलेन्द्र सिंह, श्रीमती कोमल राठौर सहित उड़ीसा टीम से श्रीमती रश्मिता प्रधान, श्री हिमांशु शेखर भद्र, श्रीमती सुमित्रा साहू, श्रीमती गीता रानी पंडा, श्री गंगाधर बेहरा तथा सामुदायिक संगठनों की प्रतिनिधि दीदियां उपस्थित रहीं।




























