कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को कोरिया पुलिस ने किया नमन

---Advertisement---

कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को कोरिया पुलिस ने किया नमन

पुलिस स्मृति दिवस पर बैकुंठपुर में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि समारोह, शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर किया याद, शहीद परिवारों का हुआ सम्मान

कोरिया। देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिये अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस के वीर जवानों की स्मृति में 21 अक्टूबर को बैकुंठपुर स्थित रक्षित केंद्र मैदान में पुलिस स्मृति दिवस समारोह आयोजित किया गया। अनुशासन, सम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके त्याग और समर्पण को याद किया।
समारोह में पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर ने शहीदों के नामों का वाचन कर उन्हें नमन किया। निर्धारित परंपरा के अनुसार पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर, शोक शस्त्र और सलामी की कार्यवाही पूरी की। इसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। विधायक भैयालाल राजवाड़े, कलेक्टर रोक्तिमा यादव और पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने स्मारक स्थल पर पुष्पचक्र चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने मौन धारण कर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को याद किया।

कर्तव्य और बलिदान की गाथा को किया स्मरण

पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों की याद में मनाया जाता है जिन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। वर्ष 1959 में लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों का बलिदान इस दिवस की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद से पुलिस के अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिये अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे वीर जवानों का साहस और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिये प्रेरणास्रोत है। शहीदों का स्मरण करना केवल श्रद्धांजलि देना नहीं बल्कि उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना भी है।

शहीद परिवारों का सम्मान, जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

समारोह के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारजनों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधायक भैयालाल राजवाड़े, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष नजीर अजहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, उप पुलिस अधीक्षक आशा सेन और मोहसीन खान, रक्षित निरीक्षक नीतीश आर. नायर सहित जिले के विभिन्न थाना और चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी कर्मचारी, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन का संचालन रक्षित निरीक्षक नीतीश आर. नायर के निर्देशन में किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परेड और श्रद्धांजलि की सभी कार्यवाहियां अनुशासित और गरिमामय ढंग से संपन्न हुईं।
पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन उपस्थित लोगों को याद दिला गया कि वर्दी केवल एक पहचान नहीं बल्कि जिम्मेदारी, साहस और जनसेवा का प्रतीक है। देश और समाज की सुरक्षा के लिये अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले अमर शहीदों का बलिदान सदैव सम्मान और प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 22, 2026

October 22, 2026

October 22, 2026

October 22, 2026

October 22, 2026

October 21, 2026

Leave a Comment