मनेन्द्रगढ़ में 55 फीट के रावण का होगा दहन, दशहरा उत्सव को लेकर तैयारियां तेज

---Advertisement---

21 अक्टूबर को आत्मानंद स्कूल मैदान में सजेगा विजयादशमी का मंच, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की मौजूदगी में होगा रावण और मेघनाद दहन, आतिशबाजी रहेगी आकर्षण का केंद्र

मनेन्द्रगढ़। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देने वाला विजयादशमी पर्व मनेन्द्रगढ़ में इस बार भी उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जायेगा।
युवा मंच मनेन्द्रगढ़ के तत्वावधान में 21 अक्टूबर को स्थानीय स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में दशहरा उत्सव का आयोजन किया जायेगा। रात 9 बजे होने वाले रावण और मेघनाद दहन के साथ भव्य आतिशबाजी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी।

स्वास्थ्य मंत्री की मौजूदगी में होगा रावण दहन

दशहरा महोत्सव में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और मनेन्द्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की भी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम को लेकर नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों को उम्मीद है कि रावण दहन देखने के लिये बड़ी संख्या में लोग मैदान पहुंचेंगे।

55 फीट ऊंचा रावण बनेगा आकर्षण

इस वर्ष दशहरा उत्सव में 55 फीट ऊंचे विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया जायेगा। इसके साथ मेघनाद का पुतला भी अग्नि को समर्पित किया जायेगा। दोनों पुतलों को आकर्षक रूप देने के लिये मध्यप्रदेश के शहडोल से कारीगर बुलाये गये हैं। कारीगर पुतलों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। रावण दहन के दौरान होने वाली आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठेगा।

आयोजन को भव्य बनाने में जुटी युवा मंच की टीम

दशहरा महोत्सव को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिये युवा मंच मनेन्द्रगढ़ के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में सक्रिय हैं। अधिवक्ता आशीष सिंह, विकास श्रीवास्तव, अमित पोद्दार, जहीर खान, रविकांत सिंह, हफीज मेमन और एहसानुल हक सहित अन्य सदस्य आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
आयोजकों ने नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान पहुंचने की अपील की है। विजयादशमी का यह आयोजन ना केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगा बल्कि सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का संदेश भी देगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment