बेलिया बड़ी में नवरात्रि के छठवा दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बच्चों ने गरबा नृत्य और काली नृत्य का किया गया आयोजन
मां दुर्गा मंदिर में संध्या आरती के दौरान भक्तिमय माहौल, हर वर्ष होते हैं धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
(विनोद कुमार पांडे)
अनूपपुर जिले के ग्राम बेलिया बड़ी स्थित मां दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्रि के छठवा दिन श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या देखने को मिली। सुबह से ही मंदिर में माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का आना-जाना लगा रहा। नवरात्रि के पावन अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
संध्या आरती के दौरान मंदिर में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बच्चों द्वारा गरबा नृत्य काली नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु आनंदित हुए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने धार्मिक आयोजन में चार चांद लगा दिए। माता रानी की आराधना, संध्या आरती और गरबा नृत्य के चलते मंदिर परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
मंदिर के प्रधान पुजारी श्रीनिवास पांडे एवं रामकिशोर मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक नवरात्रि पर्व पर मंदिर में इसी तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए जाते हैं। इन आयोजनों में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं और मां दुर्गा की आराधना के साथ आनंद की अनुभूति करते हैं।
नवरात्रि के दौरान बेलिया बड़ी के मां दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भागीदारी और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां क्षेत्र की धार्मिक आस्था एवं परंपरा को जीवंत बनाए रखने का संदेश देती हैं।






































































