मनेन्द्रगढ़ में इलेक्ट्रिकल दुकान का शटर तोड़ तांबे का तार उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

एक क्विंटल तांबे का तार और 50 से 60 हजार रुपये की चोरी का मामला, आरोपी के पास से दो किलो तार बरामद, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मनेन्द्रगढ़। आत्मानंद स्कूल के पास स्थित इलेक्ट्रिकल दुकान का शटर तोड़कर तांबे का तार और नगदी चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब दो किलो तांबे का तार बरामद किया है जिसकी कीमत लगभग तीन हजार रुपये बताई गई है। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशानिर्देश दिये थे।

दुकान बंद कर घर गया, सुबह मिली चोरी की सूचना

मनेन्द्रगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नई सब्जी मंडी मनेन्द्रगढ़ निवासी धरमू राजभर 58 वर्ष ने 10 अक्टूबर 2026 को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उनके भतीजे संदीप राजभर की किरोड़ीमल पेट्रोल पंप के बगल में एसआर इलेक्ट्रिकल नाम से दुकान है जहां मोटर वाइंडिंग और बिजली उपकरणों की मरम्मत का काम किया जाता है। धरमू राजभर भी इस काम में सहयोग करते हैं।
तबीयत खराब होने के कारण धरमू राजभर 6 अक्टूबर से उपचार के लिये रायपुर गये हुए थे। इस दौरान 8 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गये। अगले दिन 9 अक्टूबर की सुबह लगभग 6 बजे पड़ोसी ने फोन कर दुकान में चोरी होने की सूचना दी। दुकान पहुंचने पर पता चला कि मरम्मत के दौरान निकाला गया करीब एक क्विंटल पुराना तांबे का तार और गल्ले में रखे लगभग 50 से 60 हजार रुपये गायब थे।

पूछताछ में तीन साथियों के साथ चोरी करना स्वीकारा

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक 22 निवासी जीवन केरकेट्टा उर्फ बिट्टू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पप्पू डाकू और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह दुकान के बाहर निगरानी कर रहा था जबकि उसके तीन साथियों ने सब्बल से दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तांबे का तार चोरी कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किये गये तारों में से करीब दो किलो तार पप्पू डाकू ने उसे हिस्से के रूप में दिया था। बाकी रकम बाद में देने की बात कही गई थी जबकि शेष तार अन्य आरोपी बोरों में भरकर अपने साथ ले गये थे।

दो किलो तार जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी जीवन केरकेट्टा उर्फ बिट्टू की निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में कपड़े के थैले में रखा करीब दो किलो तांबे का तार जब्त किया। बरामद तार की अनुमानित कीमत तीन हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल पप्पू डाकू सहित तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। चोरी गये शेष तार और नगदी की बरामदगी के लिये भी जांच जारी है।

इनकी रही कार्यवाही में अहम भूमिका

इस कार्यवाही में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भरत यादव, प्रधान आरक्षक नवीनदत्त तिवारी, साइबर टीम के प्रिन्स राय और आरक्षक प्रदीप लकड़ा शामिल रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment