अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा

---Advertisement---
  • मनेन्द्रगढ़ में दबिश देकर 6 ट्रैक्टर और 2 टिपर जब्त

एमसीबी। जिले में खनिज संसाधनों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने और खनिज नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिये जिला प्रशासन द्वारा निगरानी बढ़ा दी गई है। कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जांच कर रही है। इसी कड़ी में जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे छह ट्रैक्टर और दो टिपर वाहनों को जब्त किया।

विभिन्न क्षेत्रों में जांच के दौरान पकड़े गये वाहन

खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने तहसील मनेन्द्रगढ़ के सिरौली, चैनपुर, हस्तिनापुर और घुटरा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त पाये गये छह ट्रैक्टर और दो टिपर वाहनों को जब्त किया गया। कार्यवाही के बाद सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है। विभाग की इस पहल का उद्देश्य खनिजों के अनधिकृत परिवहन पर रोक लगाना और शासन के निर्धारित नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

खनिज नियमों के उल्लंघन पर होगी वैधानिक कार्यवाही

खनिज विभाग के अनुसार जब्त किये गये वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन से संबंधित गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिये विभाग द्वारा नियमित रूप से जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment