सात साल के लंबे इंतजार के बाद गूंजी किलकारी, जिला चिकित्सालय एमसीबी में सफल ऑपरेशन से महिला ने दिया स्वस्थ शिशु को जन्म

---Advertisement---
  • विशेषज्ञ चिकित्सकों और ओटी स्टाफ की टीम ने संभाली जिम्मेदारी, सुरक्षित प्रसव से परिवार में छाई खुशियां

एमसीबी। सात साल के लंबे इंतजार के बाद मां बनने का सुख प्राप्त करने वाली महिला के परिवार में उस समय खुशियां छा गईं जब जिला चिकित्सालय एमसीबी में चिकित्सकों की टीम ने सफल ऑपरेशन के जरिये सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं और स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वित प्रयासों से संपन्न इस प्रसव ने परिजनों को बड़ी राहत दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे और सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अभय प्रताप सिंह तोमर के मार्गदर्शन में 15 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:36 बजे प्रसव के लिये पहुंची गर्भवती महिला का ऑपरेशन किया गया। विवाह के सात वर्ष बाद गर्भधारण करने वाली महिला के सुरक्षित प्रसव के लिये चिकित्सकीय टीम ने पूरी तत्परता और कुशलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। सफल ऑपरेशन के बाद जच्चा और नवजात के स्वस्थ होने से परिवार में खुशी का माहौल बन गया।
इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विद्याश्री तिवारी, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. नीना अपरा और ऑपरेशन थिएटर के समस्त कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। सभी के आपसी तालमेल, अनुभव और समर्पित प्रयासों से ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

गंभीर प्रसव मामलों में भी मिल रही बेहतर सुविधा

जिला चिकित्सालय एमसीबी में इससे पहले भी चिकित्सकीय टीम द्वारा लगभग 125 गंभीर प्रसव संबंधी मामलों में सफल ऑपरेशन किये जा चुके हैं। सीमित संसाधनों के बीच भी जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराना अस्पताल की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर ही ऑपरेशन की सुविधा मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को अन्यत्र जाने की परेशानी से राहत मिलती है।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर

सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे और सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अभय प्रताप सिंह तोमर के मार्गदर्शन में अस्पताल प्रबंधन द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इस सफल प्रसव ने एक बार फिर चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और ऑपरेशन थिएटर की टीम की कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव को सामने लाया है। अस्पताल प्रबंधन ने पूरी चिकित्सकीय टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment