अनूपपुर 14 अक्टूबर 2026/ प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो रही है। जैतहरी नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 04 निवासी श्री लालू प्रसाद चर्मकार इसका उदाहरण हैं, जो फेरी लगाकर इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बेचने का काम करते हैं।
श्री लालू प्रसाद चर्मकार के लिए इलेक्ट्रॉनिक सामग्री का विक्रय आजीविका का प्रमुख साधन है। वे अपने काम को आगे बढ़ाना चाहते थे, लेकिन पर्याप्त पूंजी नहीं होने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान उन्हें पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। उन्होंने नगर परिषद जैतहरी की राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन शाखा से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक, शाखा जैतहरी से उन्हें पहली बार 10 हजार रुपये का ऋण मिला।
श्री लालू प्रसाद ने ऋण की किश्तें समय पर जमा कीं। इसके बाद बैंक से उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण मिला। दूसरे ऋण का भुगतान भी निर्धारित समय पर करने के बाद उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। वर्तमान में वे इस ऋण की किश्तों का नियमित भुगतान कर रहे हैं। इस तरह योजना के माध्यम से उन्हें चरणबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता मिली और बैंक से जुड़कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर प्राप्त हुआ।
पीएम स्वनिधि योजना से मिली सहायता ने श्री लालू प्रसाद चर्मकार को अपने व्यवसाय के लिए पूंजी जुटाने में मदद की है। वे अपने काम के माध्यम से परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उनके लिए समय पर ऋण चुकाने और आगे ऋण प्राप्त करने का अनुभव महत्वपूर्ण रहा है। श्री लालू प्रसाद चर्मकार योजना से मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।






































































