सामुदायिक भवन, कोयला नगर में कल दिनांक 13 अक्टूबर को दीक्षा महिला मंडल के तत्वावधान में डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोयला भवन मुख्यालय एवं विभिन्न परिचालन क्षेत्रों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बीसीसीएल परिवार के अधिकारियों-कर्मियों एवं उनके जीवनसाथियों ने कार्यक्रम में अपनी सक्रिय सहभागिता की। विभिन्न क्षेत्रीय महिला समितियों की पदाधिकारीगण एवं सदस्याएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत बीसीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न परिचालन क्षेत्रों की टीमों के बीच रास गरबा एवं डांडिया नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पारंपरिक गरबा एवं डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं उत्सवधर्मिता का परिचय दिया। इस अवसर पर गुजराती समाज के सदस्यों ने भी पारंपरिक गरबा एवं डांडिया नृत्य की प्रस्तुति कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को और भी जीवंत बनाया।
प्रतियोगिता में बीसीसीएल मुख्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कतरास क्षेत्र की टीम द्वितीय, कुसुंडा क्षेत्र की टीम तृतीय, सीवी क्षेत्र की टीम चतुर्थ तथा मुनीडीह क्षेत्र की टीम पंचम स्थान पर रही।
इस अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज अग्रवाल, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा, दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना सिंह, श्रीमती नीता उपस्थित रहीं। उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।
दीक्षा महिला मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सांस्कृतिक परंपराओं के संवर्धन, आपसी सौहार्द एवं सामुदायिक एकजुटता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।