लिफ्ट देने से इनकार करने पर युवक पर किया जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
डंडे और मुक्कों से मारकर किया था बेहोश, सीटी स्कैन रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि के बाद पुलिस ने जोड़ी हत्या के प्रयास की धारा
चिरमिरी। बाइक पर लिफ्ट देने से इनकार करना एक युवक को भारी पड़ गया। नियमों का हवाला देकर बाइक पर बैठाने से मना करने पर दो युवकों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए डंडे और मुक्कों से मारपीट की। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। मामले में चिरमिरी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों रवि पण्डो और शुभम सोंधिया को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आजाद नगर गोदरीपारा निवासी फिरोज खान उम्र 47 वर्ष ने बाइक पर तीन सवारी बैठाने से संबंधित नियमों और चालानी कार्यवाही का हवाला देते हुए आरोपियों को लिफ्ट देने से मना कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर दोनों आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली गलौज शुरू कर दी और डंडे एवं मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान फिरोज खान बेहोश हो गया जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। मामले में थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 344/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) एवं 109 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। घायल की मेडिकल जांच और सीटी स्कैन रिपोर्ट में सिर, चेहरे और आंख के आसपास गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने प्रकरण में धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद घटना में प्रयुक्त डंडा जब्त कर दोनों आरोपियों को 13 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्यवाही
पूरे मामले में चिरमिरी थाना प्रभारी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्यवाही की। इसमें प्रधान आरक्षक विजय गौड़, प्रधान आरक्षक भगत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्यवाही के बाद मामले में दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है






































































