मनेन्द्रगढ़ में दो कबाड़ गोदामों पर पुलिस की दबिश, 13 क्विंटल अवैध लोहा जब्त
राजू और चुनमुन कबाड़ी के गोदामों से 32,750 रुपये का कबाड़ बरामद, खरीदी बिक्री के दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शुरू की जांच

मनेन्द्रगढ़। जिले में चोरी की संपत्ति की खरीद बिक्री और अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिये सिटी कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को दो कबाड़ गोदामों में छापामार कार्यवाही की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मौहारपारा स्थित राजू कबाड़ी और चनवारीडांड स्थित चुनमुन कबाड़ी के गोदामों में दबिश देकर पुलिस ने कुल 13 क्विंटल लोहा कबाड़ जब्त किया। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत 32 हजार 750 रुपये बताई गई है। पुलिस अब जब्त सामग्री के वास्तविक मालिक और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्यवाही के दौरान सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले को सूचना मिली थी कि दोनों गोदामों में चोरी का लोहा अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से रखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर जांच की। पहली कार्यवाही मौहारपारा स्थित राजू कबाड़ी के गोदाम में की गई जहां से करीब चार क्विंटल लोहा कबाड़ बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये आंकी गई है। मौके पर मौजूद मैनेजर राजा मानिकपुरी से कबाड़ की खरीदी बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गये लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस टीम ने चनवारीडांड स्थित चुनमुन कबाड़ी के गोदाम में दबिश दी। यहां से करीब नौ क्विंटल लोहा कबाड़ जब्त किया गया जिसकी कीमत लगभग 22 हजार 750 रुपये बताई गई है। मौके पर मौजूद चुनमुन कबाड़ी के भाई सलमान पिता सिराजुद्दीन को कबाड़ के संबंध में पूछताछ कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिये नोटिस दिया गया। हालांकि खरीदी बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये जा सके।
दोनों गोदामों से कुल 13 क्विंटल कबाड़ जब्त कर पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही कर रही है साथ ही जब्त लोहे के वास्तविक मालिक और उसके स्रोत का पता लगाने के लिये जांच जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
सम्पूर्ण कार्यवाही में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भरत यादव, सहायक उपनिरीक्षक समरित मरावी, प्रधान आरक्षक राजेश सिंह, रवि शर्मा, महिला आरक्षक शांति, आरक्षक मो. आजाद, प्रमित और सुनील शामिल रहे।
एमसीबी जिला पुलिस की अपील
एमसीबी पुलिस ने आम नागरिकों और कबाड़ कारोबारियों से अपील की है कि चोरी की संपत्ति की खरीद बिक्री से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। चोरी की संपत्ति के कारोबार में संलिप्त पाये जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।






































































