नागपुर में 22 टन चोरी का कोयला रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त
जंगल से कोयला चोरी कर छिपाकर रखने का आरोप, पोड़ी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
मनेन्द्रगढ़/नागपुर। एमसीबी जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पोड़ी थाना पुलिस ने चोरी के कोयले के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 22 टन कोयला बरामद किया गया था जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने कोयला परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा डीआई 275 ट्रैक्टर को भी जब्त किया है
पोंडी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 सितंबर 2026 को पोड़ी थाना क्षेत्र की नागपुर पुलिस चौकी अंतर्गत लावारिस हालत में कोयला पड़ा मिला था। जांच में सामने आया कि करीब 22 टन कोयला सेमरा नागपुर निवासी अंकित राय 33 वर्ष पिता प्रकाश राय द्वारा जंगल से चोरी कर लाकर रखा गया था। इस मामले में पोड़ी थाने में अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले में आरोपी के फरार रहने पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा, एमसीबी पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी रवि कुमार कुजूर के मार्गदर्शन में पोड़ी थाना और नागपुर चौकी की टीम गठित की गई
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुनील तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने कोयला चोरी में प्रयुक्त महिंद्रा डीआई 275 ट्रैक्टर पंजीयन क्रमांक CG 16 CN 3981 को जब्त किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की भी तलाश की जा रही है
इस कार्यवाही में नागपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुनील तिवारी, सहायक उप निरीक्षक शेषनारायण सिंह, प्रधान आरक्षक संजय पाण्डेय, आरक्षक अखिलेश जायसवाल सहित चौकी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही






































































