आंगनबाड़ी केंद्रों में संपन्न हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
अनूपपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिका पसान क्षेत्र के सभी 18 वार्डों में आयोजित तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम उत्साह, सेवा भाव और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय मातृशक्ति के बीच सीधा संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य, पोषण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना रहा
कार्यक्रम के दौरान पसान मंडल के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं, गर्भवती माताएं, किशोरियां एवं बच्चे शामिल हुए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया
कार्यक्रम में महिलाओं को संतुलित आहार, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई। गर्भवती माताओं को प्रसव पूर्व देखभाल, नियमित टीकाकरण, पोषण आहार तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में बताया गया। बच्चों को स्वच्छता, हाथ धोने तथा अच्छी दैनिक आदतों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई
कार्यक्रम की विशेष पहल के रूप में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों, माताओं, कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं अतिथियों ने एक साथ बैठकर स्वल्पाहार किया। इस सामूहिक स्वल्पाहार के माध्यम से सामाजिक समरसता, सौहार्द और आपसी अपनत्व का संदेश दिया गया।
यह आयोजन अनूपपुर जिला संयोजिका श्रीमती ज्योति शर्मा के मार्गदर्शन, भाजपा मंडल पसान प्रभारी श्रीमती रश्मि खरे के निर्देशन तथा कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती मीनू तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर पालिका पसान की पार्षद श्रीमती अलका जायसवाल, श्रीमती सविता सिंह, पूर्व पार्षद श्रीमती सालनी जायसवाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती अंजू गुप्ता सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रीता पासवान, रूमा शर्मा, रीना सिंह, माधुरी शुक्ला, सरोज माझी, अनीता पासवान, शशि प्रभा श्रीवास्तव, रजनी प्रजापति, पुष्पा दास तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे
समापन अवसर पर मंडल प्रभारी श्रीमती रश्मि खरे एवं कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती मीनू तिवारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की कर्मठता की सराहना की। उन्होंने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया







































































