ओडिशा से मध्यप्रदेश जा रहा 9 क्विंटल 19 किलो गांजा नागपुर में पकड़ाया, 6 आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

ओडिशा से मध्यप्रदेश जा रहा 9 क्विंटल 19 किलो गांजा नागपुर में पकड़ाया, 6 आरोपी गिरफ्तार

दो पिकअप वाहनों से बरामद गांजे की कीमत 4.59 करोड़, कुल 4.69 करोड़ का मशरूका जब्त

एमसीबी। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत चौकी नागपुर थाना पोड़ी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल किये जा रहे दो पिकअप वाहनों को जब्त करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। वाहनों सहित कुल 4 करोड़ 69 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है

पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा (भा.पु.से.) के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में चौकी नागपुर पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोककर उनकी जांच की। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर दोनों वाहनों को भी अपने कब्जे में ले लिया

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 147/2026, धारा 20(बी), 2(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्यवाही की है। जब्त वाहनों के क्रमांक OD 14 AL 9682 और OD 14 AA 3468 बताये गये हैं।

चार करोड़ से अधिक का मशरूका जब्त

पुलिस के मुताबिक कार्यवाही में 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ जिसकी अनुमानित कीमत 4,59,50,000 रूपये है। इसके अलावा दो पिकअप वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 4,69,50,000 का मशरूका जब्त किया है।

ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा

प्रारंभिक पूछताछ और विवेचना में सामने आया है कि गांजा ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। गांजे के स्रोत, सप्लायर, परिवहनकर्ता और अंतिम गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटाने के लिये अलग अलग पुलिस टीमों को लगाया गया है।

छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में ओडिशा और मध्यप्रदेश के कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल टोप्पो (26), राजित इंद्रवार (20), विनय टेटे (33), अरुप मिर्धा (22), अलबिरनी (25) और सुनीता (22) शामिल हैं। इनमें चार आरोपी सुंदरगढ़, ओडिशा क्षेत्र के और दो आरोपी कटनी, मध्यप्रदेश क्षेत्र के निवासी बताये गये हैं

पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ के साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ के स्रोत से लेकर उसके अंतिम गंतव्य तक जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है और प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों के सामने आने पर उनके विरुद्ध भी कार्यवाही की जायेगी।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

सम्पूर्ण कार्यवाही में चौकी प्रभारी नागपुर सउनि शेषनारायण सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रामकृपाल सिंह, प्रधान आरक्षक संजय पाण्डेय, मुमताज खान, ललित यादव, आरक्षक अखिलेश जायसवाल, मिथलेश गुप्ता, सुनील सोनवानी, आदित्य कुर्रे, वीरेंद्र कुमार, विजय कुमार साहू, अरविन्द मिश्रा, महिला आरक्षक रेखा कुजूर तथा सैनिक शैलेन्द्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा

जिला पुलिस एमसीबी ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment