शहडोल
नन्हे भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गणपति बप्पा का विसर्जन
जे एस एन किंग ग्रुप के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भक्ति भाव से किया गणेश प्रतिमा का विसर्जन
रीवा रोड स्थित वार्ड क्रमांक 2 में जे एस एन किंग ग्रुप द्वारा स्थापित गणेश प्रतिमा का विसर्जन भक्ति, उत्साह और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। गणेशोत्सव के दौरान क्षेत्र के छोटे-छोटे बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सभी का मन मोह लिया।
गणेश स्थापना से लेकर विसर्जन तक बच्चों ने रामायण आधारित नृत्य प्रतियोगिता, हवन-पूजन, भजन-कीर्तन, भंडारा एवं नगर भ्रमण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमा का विधिवत विसर्जन निगाही घाट में किया।
जे एस एन किंग ग्रुप के नन्हे सदस्य हर धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। चाहे श्रीकृष्ण झांकी हो, लक्ष्मी पूजन, दुर्गा प्रतिमा स्थापना या गणेशोत्सव, वार्ड क्रमांक 2 के ये बच्चे हमेशा अपनी सक्रिय भागीदारी और भक्ति भावना का परिचय देते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अभी, पयासी, आंसू, शिवांश, संस्कार, कृष्णा, विकास, अंश, प्रिंस, संजय, अनुज एवं लाला सहित कई बच्चों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पुरोहित **पंडित विनय जी द्वारा किया गया, जबकि पूजा-पाठ में सहयोग बालक अभी ने किया
गणेशोत्सव के दौरान वार्ड क्रमांक 2 के श्रद्धालु प्रतिदिन सुबह-शाम आरती एवं वंदना में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाते रहे। विसर्जन यात्रा में गाजे-बाजे, आकर्षक झांकियों और “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
विसर्जन के समय श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर भक्तों के चेहरों पर एक ओर उत्साह और आनंद दिखाई दिया, तो वहीं दूसरी ओर बप्पा की विदाई की भावुकता भी स्पष्ट नजर आई। श्रद्धा, सेवा और सांस्कृतिक चेतना का यह अनूठा आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।



































































