वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे पर सेवा और सम्मान का संदेश, वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को बांटे फल व खाद्य सामग्री

एमपीपीए शहडोल यूनिट ने सामाजिक सरोकार के साथ मनाया फार्मासिस्ट डे, वरिष्ठ फार्मासिस्ट उमाशंकर पांडे का किया सम्मान
शहडोल। वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे के अवसर पर मध्यप्रदेश फार्मासिस्ट एसोसिएशन (MPPA) शहडोल यूनिट द्वारा सामाजिक सरोकार एवं संगठनात्मक एकता का संदेश देते हुए सेवा कार्य और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से जुड़े फार्मासिस्टों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन की शुरुआत शहडोल स्थित वृद्धाश्रम में सेवा कार्य के साथ हुई। एमपीपीए के पदाधिकारी एवं सदस्य वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां निवासरत बुजुर्गों से मुलाकात कर उनके साथ समय बिताया। इस दौरान बुजुर्गों को फल एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई। फार्मासिस्टों ने बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनके साथ आत्मीय संवाद भी किया। संगठन के इस प्रयास को सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता से जोड़कर देखा गया।
इसके बाद फार्मासिस्टों की संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें फार्मेसी व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका, मरीजों को दवाओं के सुरक्षित एवं उचित उपयोग की जानकारी देने की जिम्मेदारी तथा फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठन की आगामी गतिविधियों और सामाजिक सेवा कार्यों को और प्रभावी बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ फार्मासिस्ट उमाशंकर पांडे का सम्मान किया गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए सम्मानित किया। इस अवसर पर फार्मासिस्टों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक जलपान का आयोजन हुआ। सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजन के माध्यम से एमपीपीए शहडोल यूनिट ने फार्मासिस्ट दिवस को केवल पेशेवर पहचान तक सीमित न रखते हुए सेवा, सम्मान और सामाजिक दायित्व से जोड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष हिमांशु मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष अविनाश द्विवेदी, जिला संगठन मंत्री नृपेंद्र नाथ तिवारी, दुर्गेश तिवारी, संभागीय अध्यक्ष शिवम शुक्ला, संभागीय उपाध्यक्ष सतेन्द्र शर्मा एवं फार्मासिस्ट जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।



































































