आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन एटक का राज्य सम्मेलन संपन्न
महासचिव की रिपोर्ट सर्वसम्मति से पारित, नई राज्य कार्यकारिणी का निर्वाचन

सतना
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन एटक मध्य प्रदेश के द्वितीय राज्य सम्मेलन के दूसरे दिन महासचिव की रिपोर्ट पर विभिन्न जिलों से आए 25 प्रतिनिधियों ने विस्तृत चर्चा में भाग लिया। प्रतिनिधियों ने संगठन के कार्यों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की समस्याओं तथा आगामी संघर्ष की दिशा को लेकर अपने सुझाव रखे।
चर्चा के बाद प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं रिपोर्ट में प्रस्तावित संशोधनों को शामिल करते हुए महासचिव ने चर्चा का जवाब दिया। इसके पश्चात सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से महासचिव की रिपोर्ट को पारित कर दिया।
इसके बाद आगामी तीन वर्षों के लिए नई राज्य कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव महासचिव द्वारा सम्मेलन के समक्ष रखा गया। सम्मेलन में 51 सदस्यीय राज्य परिषद के निर्वाचन का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे उपस्थित प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
नई कार्यकारिणी में गायत्री बाजपेई को अध्यक्ष तथा विभा पांडे को महासचिव चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर रानी द्विवेदी, शाहीन सिद्दीकी, ममता तिवारी, ऊषा पाठक, प्रभा पटेल एवं संगीता व्यास का प्रस्ताव किया गया। सचिव पद के लिए अंजली श्रीवास्तव, प्रीति गौतम, वंदना पाठक, उर्मिला विश्वकर्मा एवं लक्ष्मी का प्रस्ताव किया गया। संगठन सचिव के रूप में संगीता व्यास तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए अनीता सिंह का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही संतोष केवट, कल्पना वर्मा, निधि सिंह, सत्यवती, पीतांबरी तिवारी, निधि तिवारी, रश्मि श्रीवास्तव, शीला सिंह, समीना जी, मुन्नी द्विवेदी, वंदना गुप्ता, पुष्पा द्विवेदी, अनसूया ठाकुर, प्रतिभा डेहरिया, दुर्गा चौरसिया, मोनिका कपूर, नजराना, नीतू चौरसिया, विमलेश, ऊषा शिवहरे, जरीना ठाकुर, प्रेमलता, रंजना शर्मा, भूमिया एवं विद्या मिश्रा सहित अन्य साथियों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किए जाने का प्रस्ताव रखा गया।
प्रस्ताव का सम्मेलन में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया और नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को निर्वाचित घोषित किया गया।
मांगों के समर्थन में आंदोलन का निर्णय
सम्मेलन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की विभिन्न मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन ने मांग की कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को मध्य प्रदेश शासन का शासकीय कर्मचारी घोषित किया जाए, महंगाई भत्ता एवं वेतनमान दिया जाए तथा कार्यकर्ताओं को योग्यता एवं वरिष्ठता के आधार पर सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति दी जाए।
सम्मेलन में यह भी मांग रखी गई कि यदि किसी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से उसके निर्धारित केंद्र के अतिरिक्त किसी अन्य आंगनवाड़ी केंद्र का कार्य कराया जाता है तो उसे अतिरिक्त कार्य के लिए अतिरिक्त मानदेय दिया जाए।
सम्मेलन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि शासन द्वारा इन मांगों के समर्थन में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है तो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन एटक जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन करेगी। संगठन ने कहा कि मांगों के निराकरण तक आंदोलन को निरंतर जारी रखा जाएगा।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दी बधाई
सम्मेलन के समापन अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन की महासचिव कामरेड माधुरी क्षीरसागर ने शुभकामनाएं दीं। वहीं एटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड विद्यासागर गिरी एवं कामरेड हरिद्वार सिंह ,कामरेड शिव शंकर मौर्य, कामरेड शैलेंद्र शैली,कामरेड अरुण तिवारी,कामरेड राम सरोज कुशवाहा ,कामरेड संजय नामदेव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के अधिकारों के संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
बधाई एवं शुभकामना संदेश के बाद जनगीत के साथ सम्मेलन के समापन की घोषणा की गई। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
भवदीय
विभा पांडे
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन एटक मध्य प्रदेश



































































