मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चोरी की स्प्लेंडर और पल्सर सहित करीब 1.10 लाख रुपयों की दो बाइक बरामद
मनेन्द्रगढ़। सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है
सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में अपराध क्रमांक 217/2026 और 218/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संदेहियों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की मोटरसाइकिलों और आरोपियों की पतासाजी शुरू की
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजेन्द्र महतो और देवेन्द्र भंडारकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्त होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हीरो स्प्लेंडर प्लस क्रमांक CG 16 CD 1209 जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये और पल्सर क्रमांक CG 12 BU 9276 जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये है बरामद की।
पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र महतो पिता स्व. रमेश महतो उम्र 38 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 03 सेंट्रल स्कूल के पीछे रेलवे कॉलोनी मनेन्द्रगढ़ और देवेन्द्र भंडारकर पिता स्व. खुदराम भंडारकर उम्र 34 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 08 आरपीएफ बैरक के पीछे मनेन्द्रगढ़ को 17 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिये लगातार संदिग्धों की पतासाजी और प्रभावी कार्यवाही की जा रही है
सम्पूर्ण कार्यवाही में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सोनू साहू, विकास देवांगन, भरत यादव, प्रधान आरक्षक राजेश सिंह, रवि शर्मा, राजकुमार सेन, आरक्षक प्रमोद यादव और प्रदीप एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



































































