मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस ने उठाये जनता के सवाल, कहा सेवा संकल्प के साथ वादों का भी हिसाब दे सरकार

---Advertisement---

मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस ने उठाये जनता के सवाल, कहा सेवा संकल्प के साथ वादों का भी हिसाब दे सरकार

एमसीबी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित किये जा रहे सेवा और जनकल्याण कार्यक्रमों के बीच जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के कार्यकाल और जनता से किये गये वादों को लेकर सवाल खड़े किये हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाना भाजपा का राजनीतिक कार्यक्रम हो सकता है लेकिन देश की जनता के सामने रोजगार, महंगाई, किसान, शिक्षा, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था से जुड़े कई सवाल आज भी मौजूद हैं। इन मुद्दों पर सरकार को जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिये

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के रूप में मना रही है लेकिन कांग्रेस जनता के बीच सरकार से उसके वादों का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने, महंगाई पर नियंत्रण और आम लोगों को आर्थिक राहत देने जैसे मुद्दों को लेकर किये गये वादों की वर्तमान स्थिति सरकार को स्पष्ट करनी चाहिये

उन्होंने कहा कि हर साल दो करोड़ रोजगार देने, किसानों की आय दोगुनी करने और महंगाई कम करने जैसे वादों को लेकर जनता के बीच सवाल हैं। कांग्रेस का कहना है कि जन्मदिन के अवसर पर सेवा कार्यक्रमों के साथ सरकार को अपनी नीतियों और उनके जमीनी प्रभाव की भी जानकारी जनता के सामने रखनी चाहिये

पूर्व विधायक विनय जायसवाल ने नोटबंदी और जीएसटी जैसे आर्थिक फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इन नीतियों के प्रभाव को लेकर लगातार सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के दौरान कालेधन और भ्रष्टाचार पर रोक सहित कई दावे किये गये थे। बाद में बड़ी मात्रा में नगदी के बैंकिंग व्यवस्था में वापस आने का मुद्दा सामने आया। कांग्रेस के अनुसार सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिये कि नोटबंदी का छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों और आम नागरिकों पर क्या प्रभाव पड़ा

जीएसटी को लेकर विनय जायसवाल ने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों ने इसकी जटिलताओं तथा नियमों में बदलाव को लेकर समय समय पर समस्याएं उठाई हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक नीतियों का वास्तविक मूल्यांकन किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं की स्थिति के आधार पर किया जाना चाहिये। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य सामने रखा गया था। एमएसपी, कृषि लागत और किसानों की आय को लेकर सरकार को वर्तमान स्थिति स्पष्ट करनी चाहिये। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती के लिये उनकी उपज का उचित मूल्य, लागत में कमी और स्थिर आय महत्वपूर्ण विषय हैं

जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीब परिवारों से जुड़े वादों पर सरकार को जवाब देना चाहिये। उनके अनुसार महंगाई का असर आम परिवारों के घरेलू बजट के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी पड़ता है जबकि रोजगार की तलाश में युवाओं के सामने चुनौतियां बनी हुई हैं।
नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा ने युवाओं के रोजगार और बेरोजगारी भत्ते से जुड़े मुद्दे उठाते हुए सरकार से वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, सरकारी संस्थानों और युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर भी सरकार से जवाब मांगा वहीं कांग्रेस नेता विजय नेमार ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय, जीएसटी, नोटबंदी, पेट्रोल डीजल की कीमतों, शिक्षा, स्वास्थ्य, छोटे कारोबार और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों को जनता के बीच उठाने की बात कही। जिला कांग्रेस नेता मंजीत सिंह और राहुल भाई पटेल ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री के जन्मदिन के आयोजन का विरोध नहीं कर रही है बल्कि जनता से जुड़े उन मुद्दों को सामने रख रही है जिन पर सरकार से जवाबदेही की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा और समर्पण के रूप में मनाया जा रहा है तो सरकार को जनता के प्रति अपनी जवाबदेही भी सुनिश्चित करनी चाहिये

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आगे भी किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों और उनके जमीनी प्रभाव को लेकर सवाल करती रहेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान शाहिद महमूद, रवि बिरहा, अशरफ खान, नदीम अख्तर, भारतेश जैन, निखिल यादव, शुभम शालूजा, हबीब खान और रामावतार सिंगरौल सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment