चिरमिरी में नशीले इंजेक्शन का कारोबार पकड़ाया, 52 इंजेक्शन के साथ आरोपी गिरफ्तार
स्कूटी और मोबाइल सहित 53,200 रुपये की सामग्री जब्त
चिरमिरी। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52 नशीले इंजेक्शन, एक जुपिटर स्कूटी और मोबाइल फोन सहित करीब 53,200 रुपये की सामग्री बरामद की है।
चिरमिरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में जिले में नशीले पदार्थों के सेवन और अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता मिली
बताया गया कि 16 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा बड़ा बाजार चिरमिरी निवासी आशीष जायसवाल उम्र 38 वर्ष अपने पास नशीले इंजेक्शन रखकर बिक्री के लिये ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने कालीबाड़ी काली मंदिर के नीचे रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया
पुलिस ने आरोपी के कब्जे में मौजूद जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG 16 CJ 3523 की तलाशी ली। स्कूटी की डिक्की में काले रंग की प्लास्टिक थैली से Rexogesic Buprenorphine Injection IP के 26 नग और Avil Pheniramine Injection IP के 26 नग कुल 52 इंजेक्शन बरामद किये गये। इनकी कीमत करीब 18,200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 25 हजार रुपये कीमत की स्कूटी और 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस तरह कुल करीब 53,200 रुपये की सामग्री पुलिस ने जब्त कर विधिवत सीलबंद करते हुए कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी आशीष जायसवाल के खिलाफ थाना चिरमिरी में धारा 22(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को 17 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया
सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा, सउनि चित्रभान सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक विजय सिंह गोंड, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक, आरक्षक सुरेश तिग्गा, सैनिक प्रमोद एवं रामजी गुप्ता सहित थाना चिरमिरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




































































