रेलवे कॉलोनी चोरी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की लगातार कार्यवाही
कॉपर वायर चोरी के मामले में एक और आरोपी पकड़ा गया, पूछताछ में वारदात में शामिल होना किया स्वीकार
मनेन्द्रगढ़। शहर की रेलवे कॉलोनी में हुई कॉपर वायर चोरी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। चोरी के फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिये पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मनेन्द्रगढ़ पुलिस के अनुसार रेलवे कॉलोनी निवासी प्रार्थी गुरु दत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत पर सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पूर्व में पुलिस ने आरोपी राकेश यादव पिता श्यामलाल उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से करीब 10 नग कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई थी जिसकी कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई थी। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) ने विशेष अभियान चलाकर उनकी धरपकड़ के निर्देश दिये थे। निर्देश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर प्रकरण की विवेचना एवं फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चोरी की वारदात में शामिल बताये जा रहे आरोपी अंशु देवांगन पिता स्व. समय लाल निवासी वार्ड नंबर 7 ग्राम सेंधा चौकी नागपुर को पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
कार्यवाही में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
सम्पूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक विवेक पाटले, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भरत यादव, प्रधान आरक्षक राजकुमार सेन, राकेश शर्मा, आरक्षक मोहम्मद आजाद, प्रमोद यादव (साइबर सेल) और सैनिक विनीत सोनी शामिल रहे।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील
सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी की घटना होने पर तत्काल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराएं। इसके साथ ही क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि चोरी के मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिये लगातार कार्यवाही जारी रहेगी।




































































