चिरमिरी में अवैध महुआ शराब पर पुलिस की कार्यवाही, 4 लीटर शराब जब्त
मुखबिर की सूचना पर डोमनहिल में घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
चिरमिरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 4 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद शराब की कीमत करीब 800 रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुभाष कॉलोनी डोमनहिल निवासी बाबूराम यादव झोले में हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब रखकर बिक्री के लिये सोनामनी से डोमनहिल की ओर पैदल जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक और सेंट्रल स्कूल डोमनहिल के पीछे घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान बाबूराम यादव उम्र 45 वर्ष पिता स्व. देवसी यादव निवासी वार्ड क्रमांक 35 सुभाष कॉलोनी डोमनहिल थाना चिरमिरी के रूप में हुई। गवाहों की मौजूदगी में उसके झोले की तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक बोतलों में कुल 4 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में की गई। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्यवाही किये जाने की बात कही गई है।




































































