हैदराबाद के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मुशायरे में शिरकत करेंगे अनूपपुर के शायर दीपक अग्रवाल

---Advertisement---

हैदराबाद के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मुशायरे में शिरकत करेंगे अनूपपुर के शायर दीपक अग्रवाल

भारत सहित रूस, दुबई और कुवैत के नामचीन शायर होंगे शामिल

अनूपपुर। अनूपपुर के सुप्रसिद्ध शायर दीपक अग्रवाल को हैदराबाद के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मुशायरे में शिरकत करने का आमंत्रण मिला है। वह 1 अक्टूबर 2026 को हैदराबाद के प्रसिद्ध रविन्द्र भारती थिएटर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुशायरे में अपनी शायरी पेश करेंगे।

हैदराबाद की जानी-मानी शख्सियत सैयद मिस्कीन अहमद की विशेष निगरानी में अंजुमन मोहब्बान-ए-उर्दू, तेलंगाना द्वारा प्रतिवर्ष
‘पयाम-ए-अम्न’ उनवान से आयोजित होने वाला यह मुशायरा हैदराबाद के सबसे प्रमुख और प्रतिष्ठित मुशायरों में शुमार किया जाता है। इस आयोजन में देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त शायर शिरकत करेंगे।

दीपक अग्रवाल की होगी खास मौजूदगी

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले दीपक अग्रवाल पिछले डेढ़ दशक से लगातार राष्ट्रीय स्तर के मुशायरों और कवि सम्मेलनों में अपनी शायरी का जलवा बिखेर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने देश के लगभग सभी शीर्ष शायरों और कवियों के साथ विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर काव्य पाठ किया है

उनकी शायरी की खास पहचान संवेदनशील विषयों, सामाजिक सरोकारों और सहज एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति के लिए बनी है। राष्ट्रीय मंचों पर लगातार सक्रियता ने उन्हें अनूपपुर ही नहीं, बल्कि देश के उभरते हुए महत्वपूर्ण शायरों में स्थान दिलाया है।

उर्दू ग़ज़ल संग्रह ‘रेत पर कश्तियां’ हो चुका है प्रकाशित

दीपक अग्रवाल की साहित्यिक उपलब्धियों में वर्ष 2024 में प्रकाशित उनका उर्दू ग़ज़ल संग्रह ‘रेत पर कश्तियां’ विशेष रूप से उल्लेखनीय है। मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी के सहयोग से अर्शिया पब्लिकेशन, दिल्ली द्वारा प्रकाशित इस संग्रह ने उन्हें उर्दू अदब के पाठकों के बीच एक अलग पहचान दिलाई और उनकी लोकप्रियता में उल्लेखनीय इज़ाफा किया।

रूस, दुबई और कुवैत के शायर भी होंगे शामिल

मुशायरे में भारत के अलावा विभिन्न देशों के शायर भी अपनी शायरी प्रस्तुत करेंगे। इनमें डॉ. श्वेता सिंह ‘उमा’ मास्को, रूस; डॉ. ज़ुबैर फारूक़ अल अर्शी दुबई; तथा मो. अली ‘वफ़ा’ और नाज़नीन ‘नाज़’ कुवैत से शिरकत करेंगी।

वहीं भारत से वरिष्ठ शायर सरदार चरन सिंह ‘बशर’, शाहिद अंजुम नई दिल्ली, अनवर अमान आगरा, असलम चिश्ती पुणे, रफ़ीक़ सौदागर कर्नाटक तथा अहमद फ़ैज़ाबादी और सिद्धार्थ शांडिल्य मुंबई सहित अन्य प्रमुख शायर इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में शामिल होंगे

अनूपपुर के लिए यह गौरव का विषय है कि दीपक अग्रवाल अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मुशायरे में शामिल होकर अनूपपुर की साहित्यिक पहचान को देश-विदेश तक पहुंचाएंगे

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment