तीज के रंग में रंगा कोयलांचल, शिव-पार्वती की भक्ति में लीन रहीं सुहागिनें

---Advertisement---

तीज के रंग में रंगा कोयलांचल, शिव-पार्वती की भक्ति में लीन रहीं सुहागिनें

पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य के लिये सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत, सज-धजकर की विधिविधान से पूजा

मनेन्द्रगढ़। सुहाग, समर्पण और आस्था के पर्व हरितालिका तीज पर सोमवार को मनेन्द्रगढ़ सहित आसपास का कोयलांचल क्षेत्र शिव पार्वती की भक्ति से सराबोर रहा। पति की लंबी उम्र, अखंड सौभाग्य और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखा। शाम होते ही महिलाएं सोलह श्रृंगार कर पूजा की तैयारियों में जुट गईं। घरों और मंदिरों में भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की पूजा अर्चना कर सुखी दांपत्य जीवन की कामना की गई

तीज पर्व को लेकर महिलाओं में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। हाथों में मेहंदी, पारंपरिक परिधान और सोलह श्रृंगार से सजी महिलाएं पूजा अर्चना के लिये पहुंचीं। पूजा स्थलों पर तीज माता की स्थापना कर फल-फूल, बेलपत्र, धतूरा और सुहाग सामग्री अर्पित की गई। इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज व्रत की कथा सुनी और भगवान शिव पार्वती से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।

पार्वती की तपस्या और शिव से विवाह की आस्था से जुड़ा है तीज पर्व

हरितालिका तीज की धार्मिक मान्यता माता पार्वती की कठोर तपस्या और भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने की कथा से जुड़ी है। मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिये कठिन तप किया था। उनकी अटूट साधना और तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार किया। इसी आस्था के चलते महिलाएं हरितालिका तीज पर निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव पार्वती की आराधना करती हैं।
मान्यता है कि श्रद्धा और विश्वास के साथ इस व्रत को करने से दांपत्य जीवन में सुख शांति बनी रहती है और पति की दीर्घायु का आशीर्वाद प्राप्त होता है। कुंवारी कन्याएं भी योग्य जीवनसाथी की कामना से इस व्रत को करती हैं।

गीतों और भजनों से गूंजते रहे पूजा स्थल

हरितालिका तीज के अवसर पर कई स्थानों पर महिलाओं ने समूह में पूजा अर्चना की। पारंपरिक तीज गीतों और भजनों से पूजा स्थल गूंजते रहे। महिलाओं ने एक दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और पर्व की खुशियां साझा कीं।
मनेन्द्रगढ़ के अलावा चिरमिरी, खोंगापानी, झगराखाण्ड, नागपुर सहित आसपास के कोयलांचल क्षेत्रों में भी हरितालिका तीज को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद महिलाओं ने शाम को विधि विधान से पूजा अर्चना कर व्रत कथा सुनी और परिवार की सुख समृद्धि, पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment