जर्जर भवन में संचालित हो रहा शासकीय विद्यालय, विद्यार्थियों पर मंडरा रहा खतरा

---Advertisement---

जर्जर भवन में संचालित हो रहा शासकीय विद्यालय, विद्यार्थियों पर मंडरा रहा खतरा

पार्षद पवन चीनी ने की नए भवन निर्माण की मांग
अनूपपुर। जिले के नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 06 में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमलाई कॉलरी इन दिनों जर्जर भवन के चलते गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। पिछले करीब एक माह से लगातार हो रही बारिश के कारण विद्यालय भवन की स्थिति और खराब हो गई है। कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं सहित लाइब्रेरी रूम की छत से बारिश का पानी अंदर टपक रहा है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ाई संचालित होती है, जिसमें कुल 278 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें करीब 118 छात्र और 160 छात्राएं शामिल हैं। जानकारी के अनुसार कक्षा 9वीं में 86, कक्षा 10वीं में 51 तथा कक्षा 11वीं में 71 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जर्जर भवन में कक्षाएं संचालित होने के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।
छत और दीवारों से बना खतरा
नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी ने बताया कि विद्यालय भवन कई वर्षों पुराना है और इसकी कई जगहों पर छत जर्जर हो चुकी है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने के कारण विद्यार्थियों को कक्षाओं में बैठने में परेशानी होती है। वहीं, भवन की दीवारें भी लगातार भीग रही हैं।
विद्यार्थियों का कहना है कि कक्षा 10वीं सहित अन्य कक्षाओं की भीगी दीवारों के कारण विद्युत करंट आने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
लाइब्रेरी की किताबों पर भी मंडरा रहा खतरा
विद्यालय की लाइब्रेरी रूम की छत भी जर्जर होने के कारण बारिश का पानी अंदर पहुंच रहा है। इससे लाइब्रेरी में रखी किताबों एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री के खराब होने की आशंका बनी हुई है। विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पुस्तकों को सुरक्षित रखने के लिए भवन की मरम्मत अथवा नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
पांच बार पत्राचार के बाद भी नहीं निकला समाधान
विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को लेकर विद्यालय प्रबंधन द्वारा संबंधित आदिवासी विकास विभाग को अब तक करीब पांच बार पत्राचार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लगातार बारिश के बीच भवन की स्थिति और खराब होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
पार्षद पवन चीनी ने की नए भवन निर्माण की मांग
पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी ने कहा कि विद्यालय का भवन कई वर्षों पुराना होने के कारण अब जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। इस भवन में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनकी सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से मांग की है कि विद्यालय भवन का शीघ्र निरीक्षण कराया जाए और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नए विद्यालय भवन के निर्माण की स्वीकृति एवं कार्यवाही की जाए। नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा तथा उनकी पढ़ाई भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि जब तक नए भवन का निर्माण नहीं होता, तब तक जर्जर हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराकर अथवा वैकल्पिक व्यवस्था कर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

Leave a Comment