बाइक की टक्कर से राहगीर घायल, नंबर प्लेट की फोटो खींचकर दर्ज कराई शिकायत
कोतमा। नहाने के लिए खदान की ओर जा रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक चालक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर के सिर, कोहनी और घुटने में चोट आई है। फरियादी ने बाइक का नंबर नोट कर उसकी फोटो मोबाइल में खींच ली और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पथरौड़ी निवासी पारस सिंह गोंड़ (38) ने पुलिस को बताया कि 28 अगस्त की दोपहर वह नहाने के लिए पैदल दीपक जैन की खदान की ओर जा रहा था। रास्ते में एक अज्ञात बाइक सवार से लिफ्ट लेकर वह खदान के पास सड़क पर उतरा और पैदल जाने लगा। इसी दौरान गढ़ी की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे बाइक चालक ने उसे सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर से वह सड़क पर गिर गया। उसके सिर के दाहिने हिस्से, दाहिनी कोहनी और घुटने में चोट आई तथा सिर से खून निकलने लगा। हादसे के बाद उसने बाइक का नंबर एमपी 65 एमबी 9561 देखा और नंबर प्लेट की फोटो अपने मोबाइल में खींच ली। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप पर मारपीट के बाद धमकी, चचेरे भाई और उसकी पत्नी के खिलाफ शिकायत
अनूपपुर । पेट्रोल पंप पर डीजल के पैसे मांगने को लेकर मारपीट और बाद में जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 8 पसान निवासी मृदुल मिश्रा ने अपने चचेरे भाई राघवेंद्र उर्फ नमन मिश्रा और उसकी पत्नी आरती उर्फ सोनाली के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मृदुल मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में उसके चचेरे भाई राघवेंद्र मिश्रा ने गोविंदा कालरी निवासी आरती उर्फ सोनाली से प्रेम विवाह किया था। पारिवारिक और सामाजिक कारणों से परिवार ने राघवेंद्र को घर आने से मना कर दिया था, जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ गोविंदा में रहने लगा। फरियादी का आरोप है कि इसके बाद से दोनों आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देते रहे हैं।
शिकायत के अनुसार 13-14 अगस्त की दरमियानी रात करीब 12.20 बजे राघवेंद्र मिश्रा अवंतिका पेट्रोल पंप भालूमाड़ा पहुंचा और अपनी गाड़ी में करीब पांच लीटर डीजल भरवाया। पैसे मांगने पर उसने कथित रूप से मृदुल के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट और झूमाझटकी की। पेट्रोल पंप पर काम कर रहे दीप नारायण गौतम और इंद्रपाल सिंह ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय राघवेंद्र ने जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद 22 अगस्त को आरती उर्फ सोनाली द्वारा मृदुल के पिता के मोबाइल नंबर पर जान से मारने की धमकी वाला संदेश भेजने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अडानी कंपनी परिसर में रेत को लेकर भिड़े दो पक्ष, दोनों ने दर्ज कराई मारपीट की शिकायत
बिजुरी। अडानी कंपनी छतई परिसर में रेत उठाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली शिकायत में उमरवाह निवासी और अडानी कंपनी छतई में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि 25 अगस्त को दोपहर करीब 1.30 बजे वह गेट नंबर 2 के सामने मजदूरों से बीम ढलाई का काम करवा रहा था। इसी दौरान उसने मोहम्मद सग्गीर से उधार दिए गए रेत की मांग की। आरोप है कि सग्गीर ने रेत उठा लेने की बात कही, लेकिन रेत उठाते समय गाली-गलौज कर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सग्गीर का भाई अरसद भी मौके पर पहुंचा और दोनों ने मारपीट की। घटना में दीपक की दाहिनी आंख के पास चोट आई। मजदूर सुन्दरिया और रामसुहावन ने बीच-बचाव किया। दीपक ने दोनों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
वहीं दूसरी शिकायत में कोठी निवासी मोहम्मद सग्गीर ने आरोप लगाया कि वह अडानी कंपनी में मजदूरी करता है और उसके ठेकेदार का रेत गेट नंबर 2 के पास रखा था। उसके अनुसार सुपरवाइजर दीपक और राजेंद्र उर्फ होरीलाल साहू ट्रैक्टर में रेत लोड करवाने लगे। सग्गीर के मना करने पर दोनों ने कथित रूप से गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसके गले में खरोंच आई और पीठ में दर्द हुआ। मजदूर अनिल ताम्रकार और मुरली केवट ने बीच-बचाव किया। सग्गीर ने भी दोनों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर धारा 296(बी), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
































































