अमरकंटक की सीवर व्यवस्था चरमराई , नर्मदा में मिल रहा दूषित पानी
रामघाट , नाका चौराहा और कोटितीर्थ क्षेत्र में ओवरफ्लो चैंबरों से फैल रही दुर्गंध , श्रद्धालु और पर्यटक परेशान
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक जो प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल है जहां नगर परिषद की सीवर व्यवस्था गंभीर अव्यवस्था का शिकार होती नजर आ रही है । कई स्थानों पर सीवर चैंबरों से गंदा और बदबूदार पानी बाहर निकलकर खुले में बह रहा है , जो अंततः मां नर्मदा की जलधारा तक पहुंच रहा है । इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ धार्मिक आस्था से जुड़े सवाल भी खड़े हो रहे हैं ।
रामघाट स्थित सुलभ शौचालय के सामने बने सीवर चैंबर से लगातार दूषित पानी निकल रहा है । आसपास फैली दुर्गंध के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । रामघाट पार्किंग क्षेत्र , घाट की सीढ़ियों और आसपास के मार्गों पर भी सीवर का पानी बरसाती पानी के साथ बहता दिखाई दे रहा है ।
नाका चौराहा क्षेत्र में भी सीवर लाइन के चैंबर ओवरफ्लो होने की स्थिति बनी हुई है ।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह दूषित पानी वैतरणी नदी के माध्यम से आगे जाकर नर्मदा नदी में मिल रहा है । वहीं कोटितीर्थ घाट-कुंड मार्ग पर पुल के समीप भी सीवर चैंबरों से पानी निकलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं ।
रामघाट क्षेत्र में चल रहे धार्मिक आयोजनों और उनके भंडार भोजनालय के पास फैली दुर्गंध से श्रद्धालुओं को असुविधा हो रही है । सबसे चिंता की बात यह है कि बारिश के दौरान कई लोग इस पानी को सामान्य बरसाती जल समझकर उसके संपर्क में आ जाते हैं , जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं ।
जानकारी के अनुसार सुलभ शौचालय का टैंक खाली कराए जाने के बाद भी उसमें दोबारा सीवर का पानी भर रहा है , जिससे समस्या के पीछे सीवर लाइन की तकनीकी खामियों की आशंका जताई जा रही है । वर्षाकाल में बरसाती पानी के सीवर लाइन में प्रवेश करने से चैंबरों पर दबाव बढ़ रहा है और कई स्थानों पर ओवरफ्लो की स्थिति बन रही है ।
स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि सीवर लाइन की तत्काल तकनीकी जांच कराकर लीकेज , जाम और ओवरफ्लो जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए , ताकि मां नर्मदा की पवित्रता , पर्यावरण और श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की रक्षा सुनिश्चित हो सके ।
नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) चैन सिंह परस्ते ने इस पर कहा कि अगर ऐसी समस्या उत्पन्न हो रही तो हम तत्काल निरीक्षण कराएंगे ।
































































