रेल दुर्घटना में मृत अज्ञात महिला की हुई पहचान, मां ने शव देखकर पहचाना बेटी का शव
वेंकटनगर-निगौरा के बीच रेल हादसे में 19 वर्षीय प्रेमिया बाई बैगा की हुई थी मौत, परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपा गया शव
जैतहरी। वेंकटनगर एवं निगौरा रेलवे स्टेशन के मध्य 25 अगस्त 2026 को हुई रेल दुर्घटना में मृत अज्ञात महिला की आखिरकार पहचान हो गई है। मृतका की पहचान ग्राम गुम्मा, थाना गौरेला, जिला जीपीएम (छत्तीसगढ़) निवासी 19 वर्षीय प्रेमिया बाई बैगा के रूप में हुई है। पहचान मृतका की मां सुखबरिया बैगा ने की।
पुलिस सहायता केन्द्र वेंकटनगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त को वेंकटनगर एवं निगौरा रेलवे स्टेशन के बीच एक अज्ञात महिला की रेल दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना जैतहरी में मर्ग क्रमांक 62/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण कायम कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
मृतका की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका के परिजनों तक पहुंचना था। इसके लिए पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही पत्रकार बंधुओं और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतका के परिजनों की तलाश की जा रही थी। पुलिस की ओर से मृतका की पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इसी बीच 29 अगस्त 2026 को मृतका की मां सुखबरिया बैगा निवासी ग्राम गुम्मा, थाना गौरेला, जिला जीपीएम (छत्तीसगढ़) पुलिस सहायता केन्द्र वेंकटनगर पहुंचीं। उन्होंने मृतका के शव की पहचान अपनी 19 वर्षीय बेटी प्रेमिया बाई बैगा के रूप में की। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
मृतका की पहचान होने के बाद पुलिस द्वारा शव को उसके परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया। कई दिनों तक अज्ञात रही मृतका की पहचान होने से पुलिस की जांच को भी दिशा मिली और परिवार को अपनी बेटी के संबंध में जानकारी प्राप्त हो सकी।
पुलिस द्वारा मृतका के परिजनों की तलाश के लिए पत्रकारों और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी प्रसारित किए जाने के प्रयास भी इस पहचान प्रक्रिया में महत्वपूर्ण रहे। मामले में थाना जैतहरी द्वारा मर्ग की जांच जारी है।
































































