जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं का निराकरण तथा हर पात्र तक शासकीय योजना लाभ प्रदान करना है- कलेक्टर
शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं बुनियादी सुविधाओं पर अधिकारी दें विशेष ध्यान- कलेक्टर
विभिन्न योजनाओं से लाभांवित हितग्राहियों को किया गया हितलाभ वितरण
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जैतहरी में आयोजित हुआ शिविर

अनूपपुर 29 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ ही क्षेत्र में पहुंचकर नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा शिकायतों एवं समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा नगर परिषद जैतहरी के ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ आमजन को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर अधिकारी विशेष ध्यान दें। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में जाकर जनता से सीधा संवाद एवं जुड़ाव स्थापित करना, उनकी शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना, क्षेत्र की वास्तविक स्थितियों का फीडबैक प्राप्त करना तथा प्रशासन के पर्यवेक्षण तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। इसके साथ ही इस अभियान के माध्यम से प्रशासन की पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील छवि को मजबूत करना भी प्रमुख उद्देश्य है।
कलेक्टर श्री झा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे पूरी सजगता और संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं को सुनें तथा उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम को विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री अनिल गुप्ता ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन, कृषि, विद्युत, शिक्षा नगरी प्रशासन, श्रम, सामाजिक न्याय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास आधार एवं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों, उपलब्धियों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा योजनाओं से मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।
इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जानकारी एवं सेवा स्टॉलों के माध्यम से आमजन को शासन की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र हितग्राहियों को भी इन योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज रूप से प्राप्त हो सकी।
कार्यक्रम का संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश पाण्डेय ने किया।
शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 10 हितग्राहियों, पीएम सुनिधि के अंतर्गत एक हितग्राही, फौजी नामांतरण, उद्यम क्रांति योजना तथा एसजी सीसीएल व भू पट्टा अधिकार के हितग्राही लाभान्वित हुए इसके साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के पात्र हितग्राहियों को भी लाभांवित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब, वन मंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री अनिल गुप्ता, नगर परिषद जैतहरी के अध्यक्ष श्री उमंग गुप्ता, मुख्य नगर पालिका परिषद अधिकारी जैतहरी श्री भूपेन्द्र सिंह, श्री दिनेश राठौर, श्री कैलाश मरावी, श्रीमती सुनीता जैन, श्री भीकम सिंह राठौर, श्री नरेश नापित सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी व इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकार उपस्थित थे।
































































