गांधी चौक पर टूटी नाली बनी मुसीबत, गंदगी और जलभराव से राहगीर परेशान
एसबीआई एटीएम के सामने बदहाल नाली, नगर पालिका से तत्काल मरम्मत और सफाई की मांग
कोतमा। नगर के प्रमुख एवं व्यस्ततम स्थल गांधी चौक, वार्ड क्रमांक-3 में भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के सामने टूटी नाली इन दिनों गंदगी और परेशानी का कारण बनी हुई है। नाली क्षतिग्रस्त होने से कचरा और गंदा पानी आसपास जमा हो रहा है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार गांधी चौक नगर का हृदय स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर नाली की बदहाल स्थिति नगर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। बारिश के दौरान समस्या और गंभीर होने की आशंका है। जलभराव के साथ कचरा सड़क तक फैलने से आवागमन भी प्रभावित हो सकता है।
नागरिकों का कहना है कि टूटी नाली की समस्या की जानकारी नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने आशंका जताई कि समय रहते मरम्मत और सफाई नहीं कराई गई तो गंदगी एवं जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के अधिकारी एवं अध्यक्ष से मांग की है कि गांधी चौक स्थित स्थल का तत्काल निरीक्षण कराकर टूटी नाली की मरम्मत कराई जाए। साथ ही आसपास जमा कचरे की सफाई कर नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नागरिकों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। लोगों को नालियों और सड़कों पर कचरा नहीं फेंकना चाहिए। वहीं नगर पालिका से अपेक्षा है कि शिकायतों पर केवल आश्वासन देने के बजाय मौके पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गांधी चौक जैसे प्रमुख स्थल पर टूटी नाली और बिखरा कचरा नगर की छवि को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में नागरिकों ने समस्या के प्राथमिकता के आधार पर निराकरण की मांग की है।
































































